MP Election 2018: इंदौर में भाजपा-कांग्रेसियों में मारपीट, देखें VIDEO
MP Election 2018: भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए चंदननगर थाने का घेराव कर दिया। भाजपा प्रत्याशी व विधायक सुदर्शन गुप्ता भी थाने पहुंच गए हैं।
इंदौर। विधानसभा चुनाव का समर अब विवादों और लड़ाई में भी तब्दील हो गया है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में प्रचार के दौरान भाजपा पार्षद राजेश चौहान और उनके समर्थकों के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोप है कि इस विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के समर्थकों ने भाजपा पार्षद पर हमला किया है। विवाद के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए चंदननगर थाने का घेराव कर दिया। भाजपा प्रत्याशी व विधायक सुदर्शन गुप्ता भी थाने पहुंच गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक वॉर्ड 5 के पार्षद राजेश चौहान गंगानगर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुदर्शन गुप्ता के जनसंपर्क की तैयारियों में जुटे थे, इसी दौरान झंडा लगाने की बात पर उनसे कुछ लोगोंं ने विवाद किया। पार्षद राजेश चौहान के मुताबिक विवाद करने वाले लोग कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के समर्थक योगेंद्र मौर्य और अन्य थे और उन्होंने जानबुझकर विवाद किया। विवाद के बाद नौबत मारपीट तक पहुंच गई। कथित रुप से इन लोगों ने भाजपा पार्षद और उनके समर्थकों की जमकर पिटाई कर दी।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता चंदननगर थाने पहुंचे और उन्होंने हमलावरों पर तुरंत कार्रवाई करने की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। विवाद की सूचना मिलने पर सुदर्शन गुप्ता भी थाने पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ता थाने पर धरना देकर बैठे हैं।