Loksabha Election 2019 : बिजली न देकर अंधेरे में डकैती डालते थे सपा-बसपा के लोग : योगी
फर्रुखाबाद में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित किया।
फर्रुखाबाद, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश के विभाजन की मंशा के साथ कांग्रेस देशद्रोही तत्वों के साथ खड़ी है और सपा-बसपा का गठबंधन आतंकियों का हमपरस्त है। सपा बसपा की सरकारों ने प्रदेश को बिजली न देकर अंधेरे में डकैती डाली है। भाजपा की केंद्र सरकार ने सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ काम किया है। भाजपा की सरकार ने किसी व्यक्ति, जाति या मजहब के लिए नहीं बल्कि देश के अंदर गांव, गरीब, किसान नौजवानों और महिलाओं समेत प्रत्येक नागरिक के विकास के लिए काम किया और आगे भी करेगी। वह शनिवार को फर्रुखाबाद में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस सरकार ने देश के संसाधनों को लुटाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदीजी की सरकारी से पहले दस वर्षों तक कांग्रेस के नेतृत्व की सरकार में अराजकता थी, कोई दिन ऐसा नहीं था जब भ्रष्टाचार के आरोप न लगते रहे हैं। आकंठ तक भ्रष्टाचार में डूबी सरकार देश के संसाधनों का लुटा रही थी। मनमोहन सिंह मंचों से घोषणा करते थे देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। मैं पूछना चाहता हूं कि इतने बड़े लोकतंत्र में यदि जाति, मजहब को लेकर वो चलते हैं तो लोकतंत्र का इससे बड़ा उपहास दूसरा नहीं हो सकता है।
कांग्रेस मुक्त भारत का नारा चला था
मुख्यमंत्री ने कि 2014 के चुनाव में इस देश का कांग्रेस से विश्वास उठ गया था और कांग्रेस मुक्त भारत का नया नारा चला था। इसके बाद मोदीजी ने पीएम बनने के बाद कहा था कि मेरी सरकार किसी व्यक्ति जाति मजहब के लिए नहीं है। उन्होंने सबका साथ सबका विकास के तहत कार्यक्रमों को लागू किया। पांच साल में डेढ़ करोड़ गरीबों को आवास, चार करोड़ को निशुल्क विद्युत कनेक्शन, गरीब महिलाओं को रसोई गैस, साढ़े नौ करोड़ गरीबों को शौचालय, साढ़े बारह करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से छह हजार सालाना देने की बात और आयुष्मान योजना में पचास करोड़ की जनता को पांच लाख रुपये का इलाज देकर सबका विकास का संकल्प पूरा किया है। एटा व हरदोई में मेडिकल कॉलेज भजपा सरकार ने शुरू किया है ताकि किसी भी गरीब को कहीं भी स्वास्थ्य सुविधा से वंचित न होना पड़े।
आतंकियों से कांग्रेस, सपा और बसपा की सहानुभूति क्यों
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बटाला हाउस कांड के आतंकी से सलमान खुर्शीद के संबंध क्या थे ओर वो किस हैसियत ने उनकी पैरवी करने क्यों गए। बटाला हाउस का मामला हो या रामजन्म भूमि, संकट मोचन मंदिर में हमला या सीआरपीएफ कैंप पर हमला करने वाले आतंकवादियों के साथ कांग्रेस, सपा और बसपा की सहानुभूति क्यों थी। यदि आप इनको देश की बागडोर सौंपते है तो देश की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। हम लोगों ने बागडोर ऐसे हाथों में सौंपी है जो सुरक्षा का पक्का इंतजाम करते हुए दुश्मनों की मांद में घुसकर ठिकाने लगाने की दृढ़ इच्छा शक्ति रखते है। हमारे पीएम मोदीजी ने ऐसा कर दिखाया है। पहले 270 जनपद ऐसे थे, जहां नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद था लेकिन पांच साल पूरा होने पर देश के अंदर अब यह सिर्फ पांच से छह जिलों तक सीमित रह गया है। विश्वास करिए मोदी जी का एक कार्यकाल और आने दीजिए, भारत की धरती से यह भी समाप्त हो जाएगा
सपा बसपा और कांग्रेस एक ही थैली के चट्टे बट्टे
देश के दुश्मनों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट में आतंकी ठिकाने नष्ट करने की इच्छा शक्ति मोदी जी ने दिखाई है। सरकार चलाने के लिए दृढ़ इच्छा शक्ति की जरूरत है, जो भाजपा में है। एक तरफ भाजपा की विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की सरकार आपके सामने है। वहीं दूसरी ओर आतंकियों के प्रति सहानुभूति और पैरवी करने वाले हैं। एक तरफ बाबा भीमराव आंबेडकर का सम्मान करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी है और दूसरी तरफ उनका अपमान करने वाले आजम खां हैं। आपको तय करना होगा किसे चाहिये। सपा, बसपा और कांग्रेस सभी एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। देश के विभाजन की मंशा के साथ कांगेेस देश द्रोहियों तत्वों के साथ खड़ी है। वहीं आतंकियों का हमपरस्त सपा-बसपा का गठबंधन है। उन्होंने कहा कि हमने काननू व्यवस्था में सुधार किया और बिजली व्यवस्था में सुधार किया। संवाद किया कि क्या सपा बसपा सरकार में बिजली मिलती थी तो जवाब मिला नहीं। इसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली नहीं देते थे क्योंकि अंधेरे में ही ये लोग डकैती डालते थे।