आज कयामत की रात, कोई बनेगा चमकता चांद तो कोई टूटा हुआ तारा
Jharkhand Lok Sabha Election 2019. लोकसभा चुनाव के नतीजे तय करेगा झारखंड की दशा-दिशा । अगले छह महीने में होने वाले हैं झारखंड में विधानसभा चुनाव।
रांची, [आलोक]। Jharkhand Lok Sabha Election 2019 - झारखंड की 14 सीटों पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की हालत मत पूछिए। इनके लिए तो आज कयामत की रात है। रात की कौन कहे यहां तो दिन काटना मुश्किल हो रहा है। धड़कनें इतनी तेज कि पास बैठा शख्स भी सांसों की रफ्तार से सहसा उनका मिजाज भांप ले रहा है। चुनाव परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे भाजपा-कांग्रेस-झामुमो आदि दलों के दावेदार कुछ इस तरह खौफजदा हैं कि प्रतिद्वंद्वियों के पाले में वोट चले जाने के जोड़-घटाव, गुणा-भाग आदि तमाम गणित पूरी तरह रट कर बैठे हैं। कहा जा रहा है कि चुनावी नतीजों से ही ये उम्मीदवार या तो चमकता चांद बनेंगे या फिर एक झटके में ही टूटा हुआ तारा।
अपनी-अपनी जीत की आस लगाए उम्मीदवार समर्थकों से बस विपक्षी प्रत्याशी की हार की बातें सुनना चाह रहा है। स्ट्रांग रुम में चाक-चौबंद सुरक्षा में रखे गए ईवीएम से अपने खाते में वोट बरसाने की गुहार लगा रहा है। मंदिर-मस्जिद में भी मनौती-दुआ मांगी जा रही है। खुशफहमी का आलम यह है कि आमने-सामने की टक्कर और त्रिकोणीय मुकाबले वाली सीटों पर भी वे एकतरफा जीत की दुहाई दे रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो झारखंड की 14 लोकसभा सीटों का परिणाम आने वाले छह महीनों में होने जा रहे राज्य विधानसभा चुनाव की दशा-दिशा तय करेगी। भाजपा और महागठबंधन के इस जंग में जिसकी जीत होगी, राज्य की सत्ता की चाबी भी संभवत: असेंबली इलेक्शन में जनता उसे ही सौंपेगी। बहरहाल, झारखंड में 29 अप्रैल से चार चरणों में हुए लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण की 3 सीटों पर भारी मतदान हुआ। यहां लगभग 70.54 फीसद वोट पड़े। अब बस मतगणना और रिजल्ट का इंतजार है।
पिछले चुनावों का परिणाम जनता को पता है। उससे कितना इतर यह परिणाम होगा अब बस इसकी उत्कंठा बाकी है। 23 मई के जनादेश का इंतजार है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने झारखंड की 14 में 12 सीटें अपने नाम की थीं। इस बार हालात में बदलाव यह है कि तब महागठबंधन नहीं था, इस बार है। तब मोदी लहर थी, इस बार मोदी का काम है। मतलब, एकजुटता महागठबंधन की ताकत तो भाजपा की ताकत मोदी।
झारखंड में पूरा चुनाव मोदी के नाम पर ही लड़ा गया। अब छह माह में विधानसभा चुनाव होने हैं। झारखंड में भाजपा ने 13 सीटों पर और एक सीट पर सहयोगी पार्टी आजसू ने चुनाव लड़ा है। जबकि महागठबंधन की ओर से 7 सीटों पर कांग्रेस, चार पर झामुमो, दो पर झाविमो और दो सीटों पर राजद ने चुनाव लड़ा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप