हेमा मालिनी और राज बब्बर ने किया नामांकन, कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने
मथुरा में भाजपा की उम्मीदवार हेमा मालिनी ने नामांकन से पहले सीएम योगी के साथ की बांकेबिहारी में पूजा। राज बब्बर ने मनकामेश्वर मंदिर में लिया आशीर्वाद।
आगरा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव-2019 में दूसरे चरण में होने जा रहे मतदान के लिए नामांकन के दौर में सोमवार को बड़े सितारों ने पर्चे दाखिल किए। सिने तारिका एवं मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने वृंदावन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बांके बिहारी महाराज की पूजा-अर्चना की। वहीं सिनेस्टार व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने आगरा में श्री मनकामेश्वर नाथ का आशीर्वाद लिया और नामांकन किया। इधर आगरा कलक्ट्रेट पर जब फतेहपुरसीकरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर नामांकन करने पहुंचे तो कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल के समर्थक भी जमा थे। भाजपाई उस समय मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। तभी कांग्रेसियों ने चौकीदार चोर है का नारा बुलंद कर दिया। ऐसे में कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने आ गए। पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया।
आगरा लोकसभा क्षेत्र:
प्रदेश सरकार में केंद्रीय पशुधन मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने भारतीय जनता पार्टी से नामांकन सोमवार को आगरा में जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम एनजी रवि कुमार के न्यायालय में दाखिल किया। वाल्मीकि वाटिका से जुलूस के रूप में वे कलक्ट्रेट तक पहुंचे। उनके जुलूस में ढोल-नगाड़े, बैंड के साथ समर्थक चल रहे थे।
मेरठ में तैनात रहीं आयकर अफसर प्रीता हरित आगरा से कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव लडऩे जा रही हैं। वे भी सोमवार को स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ नामांकन करने पहुंचीं। हालांकि उनके नामांकन पत्र में कुछ खामियां निकलीं, उन्हें दुरुस्त कराकर पर्चा दाखिल किया। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी मनोज सोनी के साथ सपा के शहर अध्यक्ष वाजिद निसार और बसपा के पूर्व विधायक जुल्फिकार अहमद भुट्टो भी पहुंचे।
फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र:
फतेहपुरसीकरी लोकसभा सीट के लिए अधिकांश प्रमुख प्रत्याशियों ने सोमवार को अपने नामांकन दाखिल किए हैं। सिने स्टार एवं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने सुबह मनकामेश्वर मंदिर में पहुंच विशेष पूजा की। उनके साथ समर्थकों का बड़ा काफिला था। यहां महंत का आशीर्वाद लेने के बाद राज बब्बर दोपहर करीब 2.30 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में राजनीतिक लोग शामिल थे। अन्य दलों से कांग्रेस में पहुंचे चेहरे भी नजर आए। समर्थकों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया था। बसपा-सपा गठबंधन प्रत्याशी कुं. राजवीर सिंह भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे और नामांकन दाखिल किया।
मथुरा लोस सीट:
सांसद हेमा मालिनी वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर में पूजा करने के बाद मथुरा पहुंची। यहां चुनिंदा लोगों के साथ कलक्ट्रेट पहुंच नामांकन दाखिल किया। सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे हेमा मालिनी ने जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम सर्वज्ञराम मिश्र के न्यायालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ भाजपा के विधायक पूरन प्रकाश, जिलाध्यक्ष नगेंद्र सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष डीपी गोयल भी मौजूद रहे। मथुरा में सोमवार को रालोद, सपा और बसपा गठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया।