पूर्व सांसद देवेंद्र प्रसाद यादव के सपा छोड़ने के बाद बिहार में तीसरा फ्रंट बनने की सुगबुगाहट
कवायद में जुटे पूर्व सांसद देवेंद्र प्रसाद यादव सपा छोड़ी। चर्चा गर्म है कि पूर्व मंत्री सीपीआइ सीपीएम और कुछ अन्य दलों के साथ मिलकर बिहार को एक नया राजनीतिक फ्रंट दे सकते हैं।
मधुबनी, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव के सपा प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद सूबे में तीसरे फ्रंट की सुगबुगाहट होने लगी है। चर्चा गर्म है कि पूर्व मंत्री सीपीआइ, सीपीएम और कुछ अन्य दलों के साथ मिलकर बिहार को एक नया राजनीतिक फ्रंट दे सकते हैं।
वे अपनी पूर्व की पार्टी समाजवादी जनता दल डेमोक्रेटिक को रिवाइव कर रहे हैं। उसे लेकर सीपीआइ, सीपीएम और अन्य दलों के साथ मिलकर एक नया फ्रंट बनाने की कवायद चल रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि खुद देवेंद्र प्रसाद यादव नहीं कर रहे हैं।
लेकिन, कहा कि मैंने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। कार्यकारिणी पदाधिकारी और सभी जिलाध्यक्षों ने उन्हें इस्तीफा के लिए अधिकृत कर दिया है। यानी बिहार की समाजवादी पार्टी की इकाइयों को शिथिल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतीक्षा करें 24 घंटे में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
उधर, विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, देवेंद्र प्रसाद यादव तीसरा फ्रंट बनाने में जी - जान से जुटे हैं। अगर बात बनती है तो तीसरा फ्रंट बेगूसराय, उजियारपुर, झंझारपुर समेत अन्य स्थानों पर अपनी उम्मीदवारी देगा।