Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्‍वर उरांव बोले, जब तक भाजपा की सरकार नहीं पहनूूंगा माला

Jharkhand. नई दिल्‍ली से रांची पहुंचने पर बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों का भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर भारी भीड़ जुटी और कार्यकर्ताओं में भारी

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 28 Aug 2019 10:15 PM (IST)Updated: Thu, 29 Aug 2019 02:23 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्‍वर उरांव बोले, जब तक भाजपा की सरकार नहीं पहनूूंगा माला
Jharkhand Assembly Election 2019: कांग्रेस अध्‍यक्ष रामेश्‍वर उरांव बोले, जब तक भाजपा की सरकार नहीं पहनूूंगा माला

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने शपथ ली है कि जबतक राज्य से भाजपा सरकार को नहीं उखाड़ फेकेंगे तबतक माला नहीं पहनेंगे। रांची पहुंचने के बाद अपने पहले संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में जब तक भाजपा की सरकार रहेगी, वे माला नहीं पहनेंगे। हालांकि, इसके पूर्व कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक माला पहना दी थी। उरांव अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद बुधवार को ही रांची पहुंचे हैं।

loksabha election banner

इसके पूर्व एयरपोर्ट पर डॉ. रामेश्वर उरांव और पांच नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, डॉ. इरफान अंसारी, मानस सिन्हा व संजय लाल पासवान का भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अभिनंदन सह पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना एकमात्र लक्ष्य है। जब तक ऐसा हो नहीं जाता तब तक कार्यकर्ताओं की माला नहीं पहनेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार के जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रखंडों, पंचायतों एवं गांवों में जाकर आम लोगों को जागरुक करेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हम सब मिलकर संगठन को और धारदार बनायेंगे ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपने संगठन एवं विचारधाराओं की ताकत से पराजित कर सके। कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि चुनाव में सरकार की विफलताएं ही सबसे अहम मुद्दा है।

मुख्य रूप से बेरोजगारी, भुखमरी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कानून व्यवस्था जैसे क्षेत्र में सरकार फेल रही है। इन सभी मुद्दों को लेकर जनता की अदालत में कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता जाएंगे और सच्चाई से आम जनता को रूबरू कराएंगे। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि संथाल परगना में कांग्रेस मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी और संथाल की 18 सीटों में से 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा ने कहा कि पार्टी में ज्यादा से ज्यादा नौजवानों को जोड़ा जाएगा, वहीं दूसरे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के मागदर्शन में संगठन को गति प्रदान की जाएगी।

इससे पार्टी मजबूत होगी और विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी। कार्यकारी अध्यक्ष संजय लाल पासवान ने कहा कि हम सबको मिलकर मजबूती के साथ संगठन के लिए काम करना होगा। स्वागत समारोह में मुख्य रूप से राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहु, डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, विधायक मनोज यादव, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, चन्द्रशेखर दुबे, डॉ. सरफराज अहमद, तिलकधारी सिंह, मन्नान मल्लिक, केएन त्रिपाठी, डॉ. जयप्रकाश गुप्ता, ओपी लाल, रोशन लाल भाटिया, राजीव रंजन प्रसाद, राणा संग्राम सिंह, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, आभा सिन्हा, अजय नाथ शाहदेव, कुमार गौरव, आदि नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.