Jharkhand Assembly Election 2019: झारखंड चुनाव में CM रघुवर बनाम विपक्ष, जानें कौन-कितना पानी में
Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड में अब तक बिखरे हुए विपक्ष के अलग-अलग दल अलग-अलग रास्ते पर चलते हुए एक-दूसरे से जुदा सुर अलाप रहे हैं।
रांची, [जागरण स्पेशल]। झारखंड में विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 25 अक्टूबर तक चुनाव की तारीखों के एलान की बात कही जा रही है। ऐसे में चुनावी तैयारियों को परखने जहां गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम दो दिवसीय झारखंड दौरे पर पहुंच रही है। वहीं सीएम रघुवर दास की अगुआई में भाजपा समेत दूसरे विपक्षी दलों का चुनावी अभियान अब पूरे रौ में नजर आ रहा है। विपक्ष्ा जहां वर्तमान सरकार की नाकामियां गिनाते हुए हर हाल में रघुवर दास को सत्ता से बेदखल करने का दम भर रहा है, वहीं भाजपा की ओर से इस चुनाव में एक बार फिर मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए गए रघुवर दास जोहार जन आश्ाीर्वाद यात्रा के जरिये संताल, कोल्हान के बाद अब कोयलांचल में अपनी पांच साल की स्थायी सरकार की उपलब्धियां गिनाने में जी-जान से जुटे हैं।
भाजपा विरोधी राजनीतिक पार्टियों की बात करें तो मुख्य विपक्षी दल झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बदलाव यात्रा, पूर्व मुख्यमंत्री झाविमो सुप्रीमो जनादेश यात्रा निकालकर वोटरों को साधने में लगे हैं। वहीं कांग्रेस ने भी कार्यकर्ताओं को वोटरों का मिजाज भांपने में लगा दिया है। हालांकि, बीजेपी विरोधी वोटों के बिखराव को रोकने के नाम पर लोकसभा चुनाव की तर्ज पर विधानसभा चुनाव में भी महागठबंधन बनाने की बात अब तक सिरे नहीं चढ़ पाई है।
ताजा राजनीतिक सूरत-ए-हाल पर नजर डालें तो झारखंड में अब तक बिखरे हुए विपक्ष के अलग-अलग दल अलग-अलग रास्ते पर चलते हुए एक-दूसरे से जुदा सुर अलाप रहे हैं। विपक्ष की ओर से अपनी पसंद की सीटों की दावेदारी का रोज नया-नया शिगूफा छोड़ा जा रहा है। सियासी दलों के चुनावी अभियानों में जुट रही भीड़ के लिहाज से अब तक सीएम रघुवर बनाम विपक्ष की लड़ाई में भाजपा अपने विरोधियों पर बढ़त बनाती हुई दिख रही है।
बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास की धनबाद में जन आशीर्वाद यात्रा
जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के तीसरे चरण में हजारीबाग के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास का चुनावी रथ धनबाद पहुंची है। इस क्रम में वे सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं की सौगात जनता को दे रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास, शहरी जलापूर्ति योजनाओं के उद्घाटन के साथ ही वे जनता से जुड़ाव की पूरी कोशिश में हैं। कहा जा रहा है कि कोयलांचल में भाजपा की मजबूत पकड़ को परिणाम में बदलने के लिए स्थानीय सिपाहसालारों ने भी विस चुनाव में फिर से सत्ता पाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
19 अक्टूबर को रांची में झामुमो की बदलाव रैली
राजधानी रांची के हरमू मैदान में 19 अक्टूबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा की बदलाव रैली होने जा रही है। माना जा रहा है कि आक्रोश रैली के बाद अब इस रैली के जरिये झामुमो शक्ति प्रदर्शन करेगा। इस रैली से झामुमो ने अपने जनाधार की ताकत दिखाने का बीड़ा उठाया है। बदलाव के नाम पर राजधानी में होने वाली इस रैली को लेकर झामुमो ने तैयारी शुरू कर रखी है। पार्टी कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए घर-घर जा रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी रैली को लेकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है।