Chhattisgarh : लगातार तीन बार जीते चुनाव, तब मिला जयसिंह को मंत्री पद
Jay Singh agrawal जयसिंह की निजी जिंदगी के बारे में अगर बात करें तो उनका जन्म साल 1963 में हरियाणा के झझर जिले में हुआ था।
कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव जीत कर आए जयसिंह अग्रवाल को भूपेश मंत्रिमण्डल में मंत्री का पद मिला है। साल 2004 से 2011 के बीच कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री के रूप में काम कर चुके जयसिंह अग्रवाल को साल 1994 में सबसे पहले कोरबा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सदस्य के रूप में बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारी मिली थी।
इसके बाद जयसिंह लगातार जनहित के मुद्दों पर सक्रियता के साथ काम करते रहे। साल 2008 में उन्होंने विधायक के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद साल 2013 में भी वे चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे।
पिछले विधानसभा कार्यकाल के दौरान जयसिंह अग्रवाल ने सरकारी उपक्रमों की समिति के सदस्य के रूप में विपक्ष में रहते हुए काम किया। लगातार तीन बार चुनाव जीत कर जयसिंह ने खुद को मंत्री पद के योग्य साबित किया है।
जयसिंह की निजी जिंदगी के बारे में अगर बात करें तो उनका जन्म साल 1963 में हरियाणा के झझर जिले में हुआ था। साल 1984 में रेणु देवी अग्रवाल से उनकी शादी हुई। जयसिंह ने स्नातक तक पढ़ाई की है और उनके दो बेटे हैं। जय सिंह राजनीति के अलावा समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में रूचि रखते हैं।