CG Election 2018 : राजनाथ बोले, कांग्रेस की 'बी' टीम है अजीत जोगी की पार्टी
उन्होंने कहा जोगी को पार्टी छोड़ना ही था तो भाजपा में आते अलग पार्टी क्यों बना लिया।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार के लिए मरवाही विधानसभा क्षेत्र के दुबटिया पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंच से कहा कि बस्तर में 76 प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र के पर्व में जनता ने हिस्सा लिया और अब मरवाही में यहां की जनता 90 प्रतिशत वोट करेगी।
उन्होंने मंच से आयुष्मान योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा लड़का और लड़कियों के प्रथम श्रेणी (75 फीसद) आने पर हमारी सरकार स्कूटी मुहैया करवाएगी। उन्होंने जनता कांग्रेस जोगी को कांग्रेस की बी टीम बताया।
उन्होंने कहा जोगी को पार्टी छोड़ना ही था तो भाजपा में आते अलग पार्टी क्यों बना लिया। मरवाही के प्रत्याशी अर्चना पोर्ते को जिताएं। मरवाही की विकास की जवाबदारी उनकी है। जोगी जी हमारे मित्र हैं, विधायक और मुख्यमंत्री रहते हुए यहां आज तक सिंचाई की व्यवस्था नहीं कर पाए।
हमने जनता की आंख में आंख डाल कर राजनीति की है। नजर चुराने वाला कोई काम नहीं किया। आगे भी सच्ची निष्ठा के साथ भाजपा के जनप्रतिनिधि राजनीति करेंगे। उन्होंने यहां कहा कि मैं यहां कमल खिलाने आया हूं। मरवाही मे 18 वर्ष के कमल खिलाने पर अटल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने मरवाही के मंच से अर्चना पोर्ते को जिताने की अपील जनता से की।