CG Election 2018 : अपने प्रभाव वाली सीटों पर ही जकांछ-बसपा गठबंधन का फोकस
CG Election 2018 इस बार विधानसभा चुनाव में जकांछ व बसपा अलग अलग सीटों पर अपना जोर लगा रही है।
रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ व बहुजन समाज पार्टी गठबंधन ने दूसरे चरण चुनाव के लिए अब अपनी प्रचार रणनीति में परिवर्तन कर दिया है। गठबंधन अब उन सीटों पर ज्यादा फोकस कर रहा है जहां उनका प्रभाव ज्यादा है या उन्हें संभावना दिख रही है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के मुखिया अजीत जोगी हालांकि छत्तीसगढ़ में पहली बार स्थानीय सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं पर अंदरखाने में चुनावी रणनीति परिवर्तित हो गई है। गठबंधन के दोनों दलों ने अपने अपने प्रभाव व मजबूत स्थिति वाली सीटों पर फोकस करना प्रारंभ कर दिया है।
पार्टी अब सभी 72 सीटों पर बराबर ध्यान न देकर चुनिंदा सीटों पर ज्यादा जोर देना प्रारंभ कर दिया है। पार्टी को जिन सीटों से उम्मीद हैं वहां पर ताकत ज्यादा लगा रहे हैं। जकांछ ने जहां मरवाही, कोटा, मनेंद्रगढ़, लोरमी, पत्थलगांव, तखतपुर, बेलतरा, खल्लारी, बलौदाबाजार, भाटापारा, गुंडरदेही, दुर्ग ग्रामीण, बेमेतरा, खैरागढ़ पर पार्टी का विशेष फोकस किया है वहीं बसपा दस सीटों पर विशेष जोर लगा रही है।
जकांछ के प्रवक्ता सुब्रत डे का कहना है कि पार्टी सभी सीटों पर बराबर ध्यान दे रही है। वहीं बसपा प्रभारी एमएल भारती का कहना है कि पार्टी एक दर्जन सीटों पर मुख्य लड़ाई में है और सभी पर पार्टीजन जी-जान से जुटे हैं।