तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि 2019 में केंद्र की सत्ता से भाजपा की विदाई होगी। उन्होंने कोलकाता में 21 जुलाई की शहीद दिवस रैली से भाजपा हटाओ का नारा दिया है। 9 अगस्त से 30 अगस्त तक वह लगातार भाजपा हटाओ अभियान चलाएंगी। ममता ने तर्क दिया है कि राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस समेत 18 विपक्षी दल एक मंच पर आ चुके हैं। उपराष्ट्रपति चुनाव में और दो विपक्षी दल उनके साथ आएंगे। 2019 का चुनाव भाजपा के लिए चुनौती होगी। उसे केंद्र के सत्ता से बेदखल होना होगा। हालांकि ममता ने यह नहीं कहा है कि वह विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करेंगी लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा है कि भाजपा के विरुद्ध जो लड़ेगा उसका वह साथ देंगी।
राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी तो कांग्रेस ही है। लेकिन भाजपा विरोधी लड़ाई में जिस कांग्रेस को ममता ने साथ देने की घोषणा की है उसी से राज्य में उन्हें पहला झटका लगा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद अधीररंजन चौधरी ने 2019 के लोकसभा चुनावों में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने की संभावना से इन्कार किया है। अधीर का कहना है कि बंगाल में भाजपा तृणमूल को घेर रही है। ममता अब भाजपा से डरी हुई हैं। इसलिए वह चाहती हैं कि कांग्रेस उन्हें बचा ले। जब कांग्रेस केंद्र की सत्ता में थी तो ममता ने कांग्रेस मुक्त भारत की मांग की और अब वह भाजपा मुक्त भारत के लिए सबको एकजुट करने में लगी हैं। अधीर का कहना है कि जहां तक वह जानते हैं कि सोनिया जी उन्हें बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को सहयोग करने को नहीं कहेंगी। राज्य में तृणमूल कांग्रेस के साथ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
ममता ने सोनिया, नीतीश, लालू और नवीन पटनायक को भाजपा के विरुद्ध एकजुट करने की बात कही है। लेकिन दुर्भाग्य है कि भाजपा विरोधी लड़ाई में उन्हें पश्चिम बंगाल में ही समर्थन मिलने की संभावना क्षीण है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने तृणमूल के साथ किसी तरह के तालमेल की संभावना से इन्कार कर दिया है। वामपंथी दल सांप्रदायिक ताकतों के विरुद्ध अपने ढंग से लड़ते हैं। ममता जहां रहेंगी वहां वामपंथी दलों के रहने की संभावना नहीं के बराबर है। ऐसे में भाजपा विरोधी लड़ाई में ममता को किसी बड़ी पार्टी का समर्थन मिलेगा इसमें संदेह है।

हाईलाइटर:: (हालांकि ममता ने यह नहीं कहा है कि वह विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करेंगी लेकिन उन्होंने इतना जरूर कहा है कि भाजपा के विरुद्ध जो लड़ेगा उसका वह साथ देंगी।)

[ स्थानीय संपादकीय : पश्चिम बंगाल ]