सुधरे हवाई सेवा
हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन का अहम योगदान है। प्रदेश में जितने अधिक पर्यटक आएंगे, उतना अधिक
हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन का अहम योगदान है। प्रदेश में जितने अधिक पर्यटक आएंगे, उतना अधिक राजस्व सरकार के खजाने में जाएगा। विडंबना यह है कि प्रदेश में पर्यटन विकास के लिए उतने प्रयास नहीं किए जा रहे हैं, जितने जरूरी हैं। प्रदेश में आज भी हवाई सेवाओं का विस्तार नहीं हो पाया है। यही वजह है कि प्रदेश का पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। हैरत इस बात की है कि शिमला ऐसी इकलौती राजधानी है जहां हवाई जहाज नहीं आता है। दो साल से अधिक समय बीत गया है मगर शिमला एयरपोर्ट से हवाई उड़ानें बंद हैं। इस वजह से अन्य राज्यों से पर्यटक हवाई सेवा के जरिये शिमला नहीं पहुंच पा रहे हैं। कमोबेश यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों का भी है। हवाई सेवा वक्त की जरूरत है मगर इस दिशा में कोई पक्ष फिलहाल गंभीर नहीं दिख रहा है। कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भी विस्तार की राह ताक रहा है। इस एयरपोर्ट पर छोटे विमान ही उतर पा रहे हैं। बड़े विमानों की राह में कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट का छोटा रनवे आड़े आ रहा है। इस एयरपोर्ट पर होने वाली उड़ानें कई बार मौसम खराब होने व धुंध के दौरान लेट होती हैं। इस समस्या का स्थायी हल तलाश किया जाना चाहिए। एयरपोर्ट में फॉग लाइट्स व आधुनिक उपकरण लगाए जाने चाहिए ताकि यात्री समय पर गंतव्य तक पहुंच सकें। हवाई सुविधाओं की कमी मंडी जिला भी झेल रहा है। बल्ह के नेर ढांगू में हवाई अड्डा बनना था व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के हवाई अड्डा प्राधिकरण ने इसके लिए जमीन का निरीक्षण किया था। क्षेत्र में अधिक धुंध होने की बात कर इस जमीन को हवाई अड्डे के लिए रद कर दिया गया। इसके बाद से यह मामला ठंडे बस्ते में है। होना तो यह चाहिए था कि धुंध से निपटने के लिए पुख्ता प्रयास किए जाते। देश में कई ऐसे हवाई अड्डे हैं, जहां नेर ढांगू से अधिक धुंध पड़ती है। उन हवाई अड्डों में आधुनिक उपकरण लगाकर धुंध से निपटने के प्रयास किए गए हैं। ऐसे ही कदम यहां भी उठाए जाने चाहिए थे। शायद मजबूत इच्छाशक्ति के अभाव में ऐसा हो न सका। पर्यटन विकास का लाभ कुछ लोगों को ही नहीं होता। कई लोगों के लिए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के दरवाजे खुलते हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए पुख्ता प्रयास किए जाएं।
[स्थानीय संपादकीय: हिमाचल प्रदेश]