चीनी कंपनी के कर्मचारी ने किया तिरंगे का अपमान, विरोध में लगे 'वंदेमातरम' के नारे
तिरंगे के इस कथित अपमान के मामले के बाद बाद सोशल मीडिया वेबसाइट पर लोगों ने Oppo के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
नोएडा [जेएनएन]। स्मार्टफोन बनाने वाली चीनी कंपनी Oppo के खिलाफ नोएडा में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। जानकारी के मुताबिक नोएडा ऑफिस में कंपनी के एक कर्मचारी ने कथित तौर पर तिरंगे को फाड़ कर कूड़ेदान में फेंक दिया। तिरंगे के अपमान के इस घटना के बाद भारी संख्या में लोग प्रदर्शन करते हुए Oppo के ऑफिस के बाहर पहुंचे।
नोएडा सेक्टर-63 स्थित चीनी मोबाइल कंपनी में अधिकारियों ने कंपनी के अंदर लगे तिरंगे के दो पोस्टर फाड़कर कूड़ेदान में डाल दिए। कंपनी में काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों ने ऐसा होते देखा तो भड़क उठे और हंगामा शुरू कर दिया। कुछ ही देर में वहां पर मौजूद सभी कर्मचारी कंपनी के बाहर आकर हंगामा करने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने हंगामे की सूचना मीडिया कर्मियों को दी।
इस दौरान कंपनी के बाहर हंगामा कर रहे भारतीय कर्मचारियों ने 'भारत माता की जय' और 'वंदेमातरम' के नारे भी लगाए। प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों का कहना था कि जानबूझकर कंपनी अधिकारियों ने भारत के राष्ट्र ध्यज का अपमान किया है। इस बीच जानकारी के मुताबिक Oppo इंडिया ने कहा है कि कंपनी इस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में फैला है नाइजीरियन युवकों का जाल, ड्रग्स के कारोबार में आता रहा है नाम
तिरंगे के इस कथित अपमान के मामले के बाद बाद सोशल मीडिया वेबसाइट पर लोगों ने Oppo के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। खास कर माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट पर लोग कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। कुछ लोगों ने मामले में उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पहल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तिरंगे का अपमान करने वाले कर्मचारी को गिरफ्तार किया जाए।
सोशल साइट पर भी मुद्दा लगातार वायरल हो रहा है। ट्विटर यूजर्स ने कंपनी के नोएडा ऑफिस के सामने प्रदर्शन के लिए उमड़ी भीड़ की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। इनमें ऑफिस के बाहर हो रहे हंगामे को साफ तौर पर देखा जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर काबू पा लिया है।
यह भी पढ़ें: विदेशी छात्रों पर हमला: योगी सरकार ने सुषमा स्वराज को दिया आश्वासन