बीवी ने शौहर को बताई रिश्तेदार की करतूत, जवाब मिला 'तलाक...तलाक...तलाक'
विवाहिता के नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने की कोशिश की। उसने जब यह बात अपने शौहर और ससुर को बताई तो उन्होंने नंदोई का ही पक्ष लिया।
फरीदाबाद [जेएनएन]। भूपानी क्षेत्र में विवाहिता ने ससुरालियों पर दहेज प्रताड़ना सहित गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता का कहना है कि ससुरालियों ने न केवल उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया बल्कि हथियार के बल पर उसके भाइयों से तलाक के कागज पर अंगूठा लगवा लिया। इसके अलावा विवाहिता का आरोप है कि नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता ने बताया है कि उसकी शादी दिसंबर 2009 में मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी के दौरान विवाहिता के पिता ने काफी दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। वह और रुपयों की मांग करने लगे। विवाहिता के पिता ने कई बार ससुरालियों को रुपये भी दिए लेकिन उनकी मांग बढ़ती गई।
यह भी पढें: दुष्कर्म करने के बाद बोला- परिवार वालों को मत बताना, तुमसे ही करूंगा शादी
आरोप है कि एक दिन विवाहिता के नंदोई ने उसके साथ छेड़छाड़ कर जबरदस्ती करने की कोशिश की। उसने किसी तरह खुद को बचाया। उसने जब यह बात अपने शौहर और ससुर को बताई तो उन्होंने नंदोई का ही पक्ष लिया। विवाहिता का आरोप है कि उसे दहेज के लिए लगभग प्रताड़ित किया जाता था, उसके साथ मारपीट की जाती थी।
20 फरवरी 2017 को ससुराल वालों ने एक पंचायती तलाक नामा तैयार किया हुआ था। हथियार के बल पर उन्होंने विवाहिता की मां और भाईयों पर उसमें अंगूठा लगवा लिया। विवाहिता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढें: यूपी की नामी यूनिवर्सिटी की छात्रा से कार में रेप, दोस्त निकला आरोपी