दिल्ली: लाखों की धोखाधड़ी में सपा नेता साथी समेत गिरफ्तार
पुलिस ने विनोद यादव व सुनील नागर को गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक से गिरफ्तार किया है। विनोद यादव समाजवादी पार्टी की यूथ विंग समाजवादी युवजन सभा का पूर्व राष्ट्रीय सचिव है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। धोखाधड़ी के मामले में भगोड़ा घोषित हो चुके सपा नेता विनोद यादव को पुलिस ने उसके एक अन्य साथी सुनील नागर के साथ गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। विनोद को साकेत की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने जुलाई-2016 मे भगोड़ा घोषित किया था।
सुनील नागर को अगस्त 2016 मे भगोड़ा घोषित किया गया था। दोनों के खिलाफ दिल्ली के सरिता विहार थाने में धोखाधड़ी समेत कई आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। दक्षिणी-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त रोमिल बानिया ने बताया कि दोनों की काफी समय से तलाश थी।
यह भी पढ़ें: पति के कहने पर दोस्तों ने पत्नी के साथ किया गैंगरेप, दी जान से मारने की धमकी
पुलिस ने विनोद यादव व सुनील नागर को गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग रिपब्लिक से गिरफ्तार किया है। विनोद यादव समाजवादी पार्टी की यूथ विंग समाजवादी युवजन सभा का पूर्व राष्ट्रीय सचिव है। दोनों ने डीएलएफ टावर के ए-715 मे विनसुन बिल्ड ऑन प्राइवेट लिमिटेड और मैक्स बालाजी ग्रुप के नाम से अपना ऑफिस खोल रखा था। दोनों इन कंपनियों के निदेशक थे। इन्होंने वर्ष 2011 से 2013 के दौरान ये ऑफिस चलाया। इस दौरान इन्होंने ग्रेटर नोएडा फेस-एक, दो व तीन मे मध्यवर्गीय आवासीय योजना, डिफेंस सिटी प्रोजेक्ट में फ्लैट देने के नाम पर अखबारों में विज्ञापन दिए।
यह भी पढ़ें: नौकरी के नाम किराए की कोख का खेल, मना करने पर जबरन किया जाता था दुष्कर्म
विज्ञापन देखकर लोगों ने इनसे संपर्क किया और लाखों रुपये देकर फ्लैट्स बुक कराए। लेकिन इन्होंने खरीदारों को न तो फ्लैट दिए और न ही उनके पैसे वापस किए। अर्जुन सिंह समेत 16 अन्य लोगों ने 45 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज कराया था। वहीं, दूसरे मामले में बंदना सिंह समेत दो अन्य लोगों ने 16 लाख रुपये ठगे जाने की एफआइआर की थी।