MCD चुनाव 2017: केजरीवाल बोले- निगम चुनाव में मिली जीत तो खत्म होगा हाउस टैक्स
नगर निगम चुनाव में हमारी जीत होती है तो घरों पर लगने वाल टैक्स फ्री कर देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा कि पुराना जो भी एरियर है उसे माफ कर दिया जाएगा।
नई दिल्ली [जेएनएन]। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एलान किया कि दिल्ली नगर निगम चुनाव में 'आप' सत्ता में आती है तो हाउस टैक्स खत्म कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं बकाया हाउस टैक्स भी माफ किया जाएगा।
शनिवार को सिविल लाइन स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि हमने एमसीडी के खातों की जांच की है, वहां बहुत गड़बड़ी मिली है। दिल्ली के लोग टैक्स तो दे रहे हैं, लेकिन टैक्स की चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में किए अपने सारे वादे पूरे किए हैं।
दिल्ली एमसीडी चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि निगमों की दयनीय हालत भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने की है। सत्ता में आने पर आप इसे एक साल में सुधार देगी। निगम के हर कर्मचारी को हर महीने की सात तारीख को वेतन उनके खातों में पहुंच जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि जब हमने दिल्ली में सस्ती बिजली और मुफ्त पानी देने का वादा किया तो विपक्ष ने हमारा मजाक उड़ाया था, लेकिन हमने इसे कर दिखाया। हमने दिल्ली वालों को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी दिया और 30 लाख गैलन पानी की बचत की। वहीं इस बार दिल्ली जल बोर्ड ने 178 करोड़ की आय भी की है।
यह भी पढ़ेंः MCD polls 2017: अखिलेश की SP भी मैदान में, कई BJP पार्षद संपर्क में
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने निगम के पैसे की लूट मचाई है। जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर जनता के पैसों की लूट की जांच कराएंगे और दोषियों को जेल भेजेंगे।
बता दें कि दिल्ली में 45 लाख के करीब मकान हैं। अनधिकृत कॉलोनियों में हाउस टैक्स नहीं लिया जाता है। तीनों नगर निगम प्रति वर्ष व्यावसायिक व रिहायशी को मिलाकर औसतन छह सौ करोड़ के करीब संपत्ति कर एकत्रित करते हैं।