दिल्ली में पारा 41 डिग्री पार, गर्मी व उमस से किया बेहाल, राहत के नहीं हैं आसार
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी अगले कई दिन तक गर्मी और उमस का यह दौर जारी रहेगा। तापमान में भी इजाफा होगा।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। सोमवार को सूरज से एक बार फिर आग बरसी। अधिकतम तापमान 41 जबकि न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। दिन भर चिलचिलाती धूप और उमस ने दिल्लीवासियों का हाल बेहाल किए रखा। हाल फिलहाल राहत के भी कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को बादल छाए रहेंगे मगर बरसेंगे नहीं।
सोमवार को सुबह से ही मौसम में तल्खी महसूस की गई। दिन चढ़ने के साथ-साथ तो हालत और खराब होते गए। पालम क्षेत्र मे अधिकतम तापमान 41.5 व न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि मौसम विभाग ने औसत अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया। नमी का स्तर अधिकतम 75 जबकि न्यूनतम 25 फीसद दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी अगले कई दिन तक गर्मी और उमस का यह दौर जारी रहेगा। तापमान में भी इजाफा होगा। जहां तक मंगलवार का पूर्वानुमान है तो आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यह भी पढ़ें: पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, बढ़ेगी तपिश, गर्म हवाएं करेंगी परेशान
दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में कितना रहा तापमान
क्षेत्र अधिकतम न्यूनतम
पालम 41.5 डिग्री से. 27.0 डिग्री सेल्सियस
लोधी रोड 39.4 डिग्री से. 25.7 डिग्री सेल्सियस
रिज 41.4 डिग्री से. 23.3 डिग्री सेल्सियस
आयानगर 41.2 डिग्री से. 25.5 डिग्री सेल्सियस