MCD चुनाव: केजरीवाल के हाउस टैक्स खत्म करने की बात पर गरमाई सियासत
भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि निगम के चुनाव में लोगों को गुमराह करने की कोशिश शुरू हो गई है, लेकिन दिल्लीवासी अब आप के झांसे में नहीं आएंगे।
नई दिल्ली (जेएनएन)। हाउस टैक्स माफी को लेकर दिल्ली की सियासत गर्मा गई है। भाजपा का कहना है कि दिल्ली में नगर निगम चुनाव जीतने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्लीवासियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें वे सफल नहीं होंगे। भाजपा नेताओं का कहना है इसी तरह के झूठे वादे विधानसभा चुनाव के दौरान भी आम आदमी पार्टी (आप) ने किए थे जो आजतक पूरे नहीं किए गए।
वहीं, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री विजय गोयल का कहना है कि निगम चुनाव में लोगों को गुमराह करने के लिए केजरीवाल इस तरह के वादे कर रहे हैं। इसी तरह के वादे उन्होंने पंजाब और गोवा के चुनाव में भी किए थे पर जनता उनके बहकावे में नहीं आई।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने बिजली कंपनियों से बिजली के दाम कम कराने का वादा किया था। इसके विपरीत जनता के टैक्स के पैसे बिजली कंपनियों को थमा दिए और कहा कि हमने बिजली के बिल आधे कर दिए।
यह भी पढ़ेंः MCD चुनावः केजरीवाल की 'हाउस टैक्स माफी' पर जानें क्या है विशेषज्ञों की राय
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग विकास चाहते हैं। इसके लिए केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने वाली दिल्ली सरकार व नगर निगम चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केजरीवाल दिल्ली की जनता का भला चाहते हैं तो दिल्ली सरकार के सभी टैक्स माफ कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स माफ होने से झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीबों का कोई फायदा नहीं होगा। इसका लाभ सिर्फ अमीरों को मिलेगा। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली सरकार पिछले दो वर्षों में नगर निगमों को कई बार पत्र लिखकर हाउस टैक्स में अपना हिस्सा मांग चुकी है। इससे पता चलता है कि मुख्यमंत्री का वादा सिर्फ दिल्लीवासियों को गुमराह कर वोट बंटोरने के लिए है।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि निगम के चुनाव में लोगों को गुमराह करने की कोशिश शुरू हो गई है, लेकिन दिल्लीवासी अब आप के झांसे में नहीं आएंगे।