बेर समझकर विषैला फल खाने से 15 बच्चे बीमार, 5 की हालत गंभीर
कई बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इस दौरान बच्चों की नजर सड़क किनारे लगी झाड़ियों में पौधों पर पड़ी। इस पर बेर के आकार जैसे फल लगे थे। बच्चों ने फल तोड़ लिए।
फरीदाबाद [जेएनएन]। पलवली गांव में विषैले पौधों पर लगे फलों को खाकर 15 बच्चे बीमार पड़ गए। इन्हें खाने के बाद बच्चों को उल्टी-दस्त होने लगी। हालत बिगड़ने पर बादशाह खान अस्पताल में 10 बच्चों को भर्ती कराया गया, जहां से 5 बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। बादशाह खान अस्पताल में पांच बच्चों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत में सुधार है। अन्य बच्चों को आसपास के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
पलवली निवासी मोबीर हुसैन ने बताया कि यहां बड़ी संख्या में मजदूर रहते हैं, जो निर्माणाधीन साइटों पर काम करते हैं। इन परिवारों के कई बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इस दौरान बच्चों की नजर सड़क किनारे लगी झाड़ियों में पौधों पर पड़ी। इस पर बेर के आकार जैसे फल लगे थे।
फलों को खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी
बच्चों ने झाड़ियों में घुसकर फल तोड़ लिए। बच्चों ने यह फल खाए और कई तो इसे घर भी लेकर आ गए। इन फलों को खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी तो आसपास के डॉक्टरों के यहां ले जाया गया। इस मामले के बाद हड़कंप मच गया। फल खाने से बीमार होने वाले बच्चो में जैसमीन, जमीना, राहुल अली हुसैन को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। नासिर, अर्णिका, इरीमी खातून, मुफिया, तेतली और मानिक का बादशाह खान अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नमूने सफदरजंग अस्पताल भेजे गए
बीके अस्पताल के रेजीडेंट मेडिकल ऑफिसर डॉ. विकास शर्मा ने बताया कि बच्चों की स्थिति अब पहले से बेहतर है। पहले बच्चों की हालत खराब थी। पांच बच्चों की हालत ज्यादा खराब होने के कारण सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया। विषैले फल के नमूने भी सफदरजंग अस्पताल भेजे हैं, ताकि पता चल सके कि यह कौन सा फल है। इसका किस तरह से शरीर पर दुष्प्रभाव होता है।
यह भी पढ़ें: महिला टीचर की दरिंदगी, पिटाई के बाद छात्रा के सिर के बाल उखाड़े