दिल्ली हाट में मिसाइल मैन APJ कलाम के नाम पर बनेगा संग्रहालय
मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की व्यक्तिगत वस्तुओं को तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित उनके घर से अगले महीने दिल्ली लाया जाएगा। करीब दो महीने तक इन वस्तुओं को दिल्ली विधानसभा में सुरक्षित रखा जाएगा।
नई दिल्ली (आशुतोष झा)। मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की व्यक्तिगत वस्तुओं को तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित उनके घर से अगले महीने दिल्ली लाया जाएगा। करीब दो महीने तक इन वस्तुओं को दिल्ली विधानसभा में सुरक्षित रखा जाएगा।
इसके बाद आइएनए स्थित दिल्ली हाट में डॉ. कलाम के नाम पर बनने वाले संग्रहालय जिसे ‘ज्ञान केंद्र’ नाम दिया जाएगा, उनमें रखा जाएगा। दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्र दो अप्रैल को दिल्ली से रामेश्वरम के लिए रवाना होंगे।
वह डॉ. कलाम के घरवालों की सहमति से उनके दस्तावेजों, किताबों, वीणा व उनसे जुड़ीं अन्य चीजों को दिल्ली लाएंगे। दिल्ली सरकार डॉ. कलाम की पहली पहली पुण्यतिथि 27 जुलाई से पूर्व उनके नाम पर संग्रहालय बनाकर उसे जनता के लिए खोलना चाहती है।
कपिल मिश्र की ओर से जारी बयान में कहा गया, डॉ. कलाम के कार्यों को रामेश्वरम तक ही सीमित कर देने से अन्याय होगा। गत वर्ष 27 जुलाई को डॉ. कलाम का शिलांग में निधन हो गया था।
गत वर्ष 27 जुलाई से कुछ दिन पहले डॉ. कलाम दिल्ली सरकार के निवेदन पर दिल्ली सचिवालय आए थे और उन्होंने स्कूलों के प्रधानाचार्य व शिक्षकों से मुलाकात के दौरान शिक्षा का मॉडल दिया था।
सरकार इसे शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने में संजीवनी की तरह मानती है। दिल्ली सरकार पहले उनके राजाजी मार्ग स्थित आवंटित सरकारी बंगले को संग्रहालय के रूप में विकसित करना चाहती थी, लेकिन केंद्रीय शहरी विकास मंत्रलय ने वह बंगला केंद्रीय पर्यटन मंत्री डॉ. महेश शर्मा को आवंटित कर दिया था।