दबंगों ने दिनदहाड़े अधेड़ को फावड़े से काटा, पुलिस पर उतरा गुस्सा
जमीन जंग में दुश्मनी के चलते आज ग्रेटर नोएडा में कोहराम मच गया। जमीन को लेकर विवाद में आज सुबह अज्ञात लोगों ने पिता जगदीश व पुत्र धर्मेद्र पर हथियारों से हमला कर दिया।
नोएडा। जमीन जंग में दुश्मनी के चलते आज ग्रेटर नोएडा में कोहराम मच गया। जमीन को लेकर विवाद में आज सुबह अज्ञात लोगों ने पिता जगदीश व पुत्र धर्मेद्र पर हथियारों से हमला कर दिया। हत्या का यह मामला नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के कामबख्श पुर गांव का है। हत्या से नाराज परिजनों ने जमकर पथराव किया। पुलिस को फायरिंग तक करनी पड़ी। इसके बाद पुलिस ने शव छीनकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बताया जा रहा है कि जगदीश अपने पुत्र धर्मेंद्र के साथ बाइक से कहीं जा रहा था। रास्ते में कुछ दबंगों ने ट्रैक्टर से उनकी बाइक में टक्कर मारकर पिता-पुत्र को गिरा दिया। इसके बाद पिता-पुत्र पर हमला कर दिया।
दबंगों ने पिता जगदीश पर फावड़े से कई वार किए गए। उसने वहीं दम तोड़ दिया। इसके बाद पुत्र धर्मेंद्र पर भी जानलेवा हमला किया। धर्मेंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती पुत्र धर्मेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जमीन को लेकर जगदीश का गांव के एक दबंग परिवार से विवाद था। आज सुबह यह विवाद हत्या में तब्दील हो गया।
हत्या से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे बाद भी पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। जान गंवाने वाले जगदीश की बेटियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर जमकर हंगामा किया।
परिजनों व ग्रामीणों की आक्रामकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों को काबू करने के लिए पुलिस को फायरिंग तक करनी पड़ी। वहीं, इससे पहले नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया।