विदेशी से दुष्कर्म में पीपली लाइव का सह निर्देशक गिरफ्तार
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में अमेरिकी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता भारत में योग पर शोध कर रही थी। आरोपी महमूद फारूकी बॉलीवुड की चर्चित फिल्म पीपली लाइव की निर्देशक अनुषा रिजवी के पति हैं। फारूकी इस फिल्म के सहनिर्देशक हैं। पुलिस ने शनिवार को उन्हें
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में अमेरिकी महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता भारत में योग पर शोध कर रही थी। आरोपी महमूद फारूकी बॉलीवुड की चर्चित फिल्म पीपली लाइव की निर्देशक अनुषा रिजवी के पति हैं। फारूकी इस फिल्म के सहनिर्देशक हैं। पुलिस ने शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अमेरिका दूतावास ने इसकी शिकायत की थी। हालांकि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला ने पुलिस से सीधे शिकायत की है। साउथ रेंज के संयुक्त आयुक्त आरएस कृष्णैया ने घटना की पुष्टि की है।
38 वर्षीय महिला अमेरिका स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय में पीएचडी की छात्रा है। उसने शोध के विषय के रूप में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर, इसके महंत आदित्यनाथ एवं हठयोग को चुना था। शिकायत के मुताबिक, वह एक साल पहले ही भारत आई थी। दोस्त के माध्यम से उसकी फारुखी से मुलाकात गोरखपुर में हुई थी। मूल रूप से गोरखपुर निवासी मुहम्मद फारूकी ने उसे सहायता का आश्वासन दिया था।
फारूकी सेंट स्टीफंस के छात्र रह चुके हैं और इंग्लैंड स्थित ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से भी पढ़ाई की है। वह दिल्ली में सुखदेव विहार में किराए पर पत्नी के साथ रहते हैं। फारूकी ने पीडि़ता को भी सुखदेव विहार में किराए का कमरा दिला दिया। शोध कार्य के लिए दोनों अक्सर साथ गोरखपुर आते-जाते थे। गत 28 मार्च को पीडि़ता के घर पर दोनों ने शराब पी। इसके बाद फारूकी ने महिला से दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीडि़ता अमेरिका वापस चली गई।
वहां से महिला ने फारूकी को ई-मेल भेजकर उसे घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। इस पर आरोपी ने ई-मेल में पीड़िता से माफी मांगी। पीड़िता 19 जून को दिल्ली वापस आई और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। अगले ही दिन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों के एक-दूसरे को भेजे गए ई-मेल की जांच के बाद कार्रवाई की है।
फारूकी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली गई है। जब उन्होंने इस बारे में सुना तो खुद को संबंधित पुलिस थाने में प्रस्तुत किया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। शिकायत पूरी तरह झूठी और भ्रामक है। मामले में जांच चल रही है, इसलिए मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगी।
- अनुषा रिजवी