CBSE 12th Result 2018: टॉपर मेघना श्रीवास्तव ने खोला अपनी सफलता का राज, जानिये- क्या दिए टिप्स
मेघना ने बताया कि मेरी पढ़ाई में मेरे अध्यापकों के साथ मेरे माता पिता ने भी बेहतर भूमिका निभाई। उन्होंने कभी मुझ पर पढ़ाई के लिए दबाव नहीं डाला।
नई दिल्ली (जेएनएन)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में कुल 83.01 फीसद छात्र छात्राएं पास हुए हैं। इस बार भी नोएडा के ही एक स्कूल की छात्रा मेघना श्रीवास्तव ने किया टॉप किया है। मेघना ने 500 में से 499 अंक हासिल किए हैं।
इस साल लड़कियों ने अपन दबदबा कायम रखते हुए पहले और दूसरे स्थान पर अपना नाम दर्ज कराया है। नोएडा की मेघना श्रीवास्तव (99.8) और अनुष्का चंद्र (99.6) ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दोनों टॉपर आर्ट्स स्ट्रीम से हैं। अनुष्का चंद्रा गाजियाबाद के निजी स्कूल की छात्रा हैं।
12वीं की परीक्षा में 500 में से 499 अंक लाकर टॉप करने वालीं मेघना श्रीवास्तव का कहना है कि उनकी इस सफलता में कोई राज नहीं है। सिर्फ मेहनत से पढ़ाई की और पूरे साल पढ़ाई में निरंतरता बरतती रही।
मेघना की मानें तो उन्होंने पढ़ाई करने के दौरान यह नहीं सोचा या फिर गणना की कि उन्होंने कितने घंटे पढ़ाई की। मेरी पढ़ाई में मेरे अध्यापकों के साथ मेरे माता पिता ने भी बेहतर भूमिका निभाई। उन्होंने कभी मुझ पर पढ़ाई के लिए दबाव नहीं डाला।
नतीजे बोर्ड की वेबसाइट cbseresults.nic.in और cbse.nic.in पर देख सकते हैं। इस बार लड़कियों का पास फीसद 88.31 रहा है तो 78.99 लड़के पास हुए हैं। इस तरह लड़कियां का परीक्षा परिणाम लड़कों से 9.32 फीसद अधिक रहा।