पुलिस ने रुकवाया काम, कहीं नहीं बनेंगे तोरण द्वार
जागरण संवाददाता,नई दिल्ली :
दिल्ली में रामलीलाओं व दुर्गा पूजा के लिए सड़कों पर बनने वाले तोरण द्वार इस बार से दिल्ली में कहीं नहीं बनेंगे। दिल्ली पुलिस ने चितरंजन पार्क में दुर्गा पूजा के लिए बन रहे कई तोरण द्वार का कार्य रुकवा दिया है। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के मद्दे नजर इस प्रकार का निर्णय लेने की बात कही है।
ज्ञात हो कि मिनी बंगाल के नाम से मशहूर चितरंजन पार्क में 20 अक्टूबर से होने वाली दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर -शोर से चल रही हैं। इन्हीं तैयारियों के तहत मुख्य मार्गो पर जगह- जगह तोरण द्वार बनाए जा रहे थे। जिनका कार्य यातायात पुलिस ने रुकवा दिया। इसे लेकर दुर्गा पूजा आयोजकों में नाराजगी है।
जिस पर नगर निगम मध्य जोन के चेयरमैन व चितरंजन पार्क मेला ग्राउंड दुर्गा पूजा के उपाध्यक्ष वीरेंद्र कसाना के नेतृत्व में पूजा आयोजकों का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस मुख्यालय में संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) व विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) धर्मेद्र कुमार से मिला। वीरेंद्र कसाना का कहना है कि पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया कि 38 साल से लगातार तोरण द्वार बनते आ रहे हैं पुलिस ने कभी भी आपत्ति नहीं की।
हालांकि दोनों पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा के मद्देनजर अब दिल्ली में कहीं भी तोरण द्वार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर