पुनर्वास कॉलोनियों और झुग्गियों में हुए अधिक मतदान
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी निगम में मतदान की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन शाम होते-होत
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी निगम में मतदान की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन शाम होते-होते तक मतदान फीसद ने पिछली बार का आंकड़ा छू लिया। इसमें पुनर्वास कॉलोनियों, झुग्गी-बस्तियों के अलावा मुस्लिम बाहुल्य कॉलोनियों की अहम भूमिका रही। पॉश कॉलोनियों के बूथों पर सुबह से लेकर शाम तक मतदाताओं की कतार लगी रही।
पुनर्वास कॉलोनियों और झुग्गी-बस्तियों में बूथों के बाहर कई राजनीतिक दलों के टेबल नजर आए, जबकि पॉश कॉलोनियों में दो या तीन ही पार्टियों के कार्यकर्ता टेबल लगाकर मतदाताओं की पर्ची निकाल रहे थे। इनमें भाजपा, कांग्रेस और आप के कार्यकर्ता शामिल थे। कई जगहों पर आप की तरफ से टेबल भी नहीं लगाया गया था। नई सीमापुरी, वेलकम, न्यू अशोक नगर, बाबरपुर आदि कुछ इलाकों में सपा (समाजवार्दी पार्टी) के कार्यकर्ताओं में जोश दिख रहा था तो नंदनगरी, जौहरीपुर, गोकलपुर, हर्ष विहार और सबोली में बसपा (बहुजन समाज पार्टी)के कार्यकर्ताओं में उत्साह था। इनकी उपस्थिति बूथों के बाहर काफी नजर आई। हालांकि, बूथ के अंदर इन पार्टियों को कितने मतदाताओं को साथ मिला, यह 26 अप्रैल को ही पता चल पाएगा।
इन वार्डो में दिखा उत्साह
पुरानी सीमापुरी, नई सीमापुरी, जाफराबाद, खजूरी, श्रीराम कॉलोनी, घोंडा, सुभाष मोहल्ला, सीलमपुर, गौतमपुरी, गोकलपुर, सबोली, नंदनगरी, सुंदर नगरी, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, खिचड़ीपुर आदि वार्डो में बूथों के अंदर मतदाताओं की भीड़ रही। पूर्वी निगम में सुंदरनगरी और त्रिलोकपुरी में सबसे ज्यादा मतदान की खबर है।
मतदाताओं में कम रहा उत्साह
दिलशाद गार्डन, विवेक विहार, कृष्णानगर, गीता कॉलोनी, शकरपुर, लक्ष्मीनगर, मयूर विहार फेज-1, दो और तीन के अलावा यमुना विहार, भजनपुरा आदि जगहों पर मतदाताओं में कम उत्साह रहा। यहां बूथों पर चुनाव अधिकारी मतदाताओं का इंतजार करते नजर आए। इनमें शकरपुर में सबसे कम मतदान की सूचना है।