कार में झुलसीं दोनों बच्चियों की मौत
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : सुल्तानपुरी की कृष्ण विहार कॉलोनी में कार में लगी आग से झुलसीं दोनों
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : सुल्तानपुरी की कृष्ण विहार कॉलोनी में कार में लगी आग से झुलसीं दोनों बच्चियों ने इलाज के दौरान शुक्रवार शाम अस्पताल में दम तोड़ दिया। बच्चियां 50 से 55 फीसद तक जल गई थीं। उन्हें बृहस्पतिवार को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने बच्चियों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि कार में आग कैसे लगी, इसका पता अब तक नहीं चल सका है। इसके लिए पुलिस फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने अब तक की जांच के आधार पर घटना में किसी भी साजिश से इन्कार किया है। पुलिस का कहना है कि कार मकान के अहाते में परिसर के अंदर खड़ी थी और मेन गेट भी बंद था। ऐसे में कोई बाहर का व्यक्ति आकर कार में आग लगा दे, इसकी गुंजाइश नहीं दिख रही है। आशंका है कि कार में तकनीकी खराबी के चलते आग लगी होगी।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार सुबह करीब सवा नौ बजे चचेरी बहनें दीपांशी (3) व लक्षिता (2) स्विफ्ट कार में अंदर सीट पर बैठकर खेल रही थीं। तभी अचानक कार में आग लग गई, जिसमें दोनों बच्चियां झुलस गई थीं। कार के दरवाजे भी लॉक हो गए थे। लोगों ने कार का शीशा तोड़कर आग बुझाई और दोनों बच्चियों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सफरदजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था। बच्चियों के पिता पहाड़गंज इलाके में गत्ते की फैक्टरी चलाते हैं।