दिल्ली व गुरुग्राम से ज्यादा प्रदूषित है नोएडा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : वाहनों से निकलने वाले दमघोंटू धुएं के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण (पीएम
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : वाहनों से निकलने वाले दमघोंटू धुएं के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण (पीएम 2.5) का स्तर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली और गुरुग्राम की स्थिति एक जैसी है। हालांकि यहां भवन निर्माण व सड़क पर वाहनों के चलने से उड़ने वाली धूल से होने वाले प्रदूषण (पीएम 10) पर अंकुश लगा है और स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। वहीं नोएडा में हालात कहीं ज्यादा बदतर हैं, जहां पीएम 2.5 और पीएम 10 दोनों का स्तर खराब है।
वातावरण में प्रदूषक तत्व पीएम 2.5 का इंडेक्स 61 से 90 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (एमजीसीएम) या पीएम 10 का इंडेक्स 101 से 250 एमजीसीएम के बीच हो तो स्थिति सामान्य मानी जाती है। बृहस्पतिवार को दिल्ली में पीएम 2.5 का इंडेक्स 127 यानि बहुत खराब था। शुक्रवार को भी इसके 140 के आसपास रहने की संभावना है। पीएम 10 का इंडेक्स 230 यानी सामान्य रहा। शुक्रवार को यह 243 के आसपास रह सकता है। गुड़गांव में बृहस्पतिवार को पीएम 2.5 का स्तर बहुत खराब (310) था। शुक्रवार को यह 300 के आसपास रहेगा। पीएम 10 का स्तर 198, सामान्य रहा। शुक्रवार को यह 189 तक पहुंच सकता है। नोएडा में बृहस्पतिवार को पीएम 2.5 का इंडेक्स 320 यानी बहुत खराब रहा। शुक्रवार को भी यह 328 के आसपास रह सकता है, जबकि पीएम 10 का स्तर 243 यानी खराब रहा। शुक्रवार को इसके 234 के आसपास रहने का अनुमान है।