हाईटेंशन तार की चपेट में आकर युवक की मौत
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : नजफगढ़ इलाके में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : नजफगढ़ इलाके में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। करंट की चपेट में आने के बाद युवक झुलस गया और टिन शेड पर आकर गिर गया। लेकिन बिजली और पुलिस विभाग की लापरवाही की वजह से युवक को वहां से निकालने में घंटों का समय लग गया। इसकी वजह हाईटेंशन तार में बिजली की आपूर्ति को रोकने में लगा समय बना। आपूर्ति रोककर युवक को उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नजफगढ़ थाना पुलिस ने लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अब्दुल(22) मूलत: देवरिया उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। वह अपने गांव के रहने वाले दोस्तों से मिलने के लिए सोमवार को मकसूदाबाद गांव पहुंचा था। दोपहर करीब ढाई बजे वह मकान की छत पर गया। उस मकान के उपर से हाईटेंशन तार गुजर रही है। जैसे ही वह छत पर गया हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया।
तार की चपेट में आने के बाद अब्दुल बुरी तरह झुलस गया। उसके बाद वह टिन शेड पर गिर गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। हाईटेंशन तार के नीचे घायल अवस्था में पड़े अब्दुल को पुलिस निकाल नहीं पा रही थी। तार में हाई वोल्टेज करंट दौड़ रहा था। पुलिस ने मौके पर मौजूद दमकल अधिकारियों को अब्दुल को निकालने के लिए कहा। लेकिन दमकल कर्मियों ने भी बिना विद्युत आपूर्ति रोके उसे निकालने से इंकार कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक उसके बाद बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी गयी। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारी ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर करंट बंद करवाया। इस प्रक्रिया में करीब पांच घंटे लग गये। करीब साढ़े सात बजे अब्दुल को वहां से निकालकर पुलिस ने राव तुलाराम अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।