दीपावली के रंगों से सजी मेट्रो दे रही स्वच्छता का संदेश
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : आइटीओ-फरीदाबाद मेट्रो लाइन पर बृहस्पतिवार को एक विशेष रंगबिरंगी मेट्रो
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : आइटीओ-फरीदाबाद मेट्रो लाइन पर बृहस्पतिवार को एक विशेष रंगबिरंगी मेट्रो ने रफ्तार भरी। जिसे दीपावली की रंगोली व प्रकृति की थीम पर सजाया गया है। इसका मकसद यात्रियों को स्वच्छता का संदेश देना और जागरूक करना है। इसके अलावा यह मेट्रो दीपावली में पटाखे नहीं जलाने का भी संदेश दे रही है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का कहना है कि आइटीओ से फरीदाबाद के बीच इस मेट्रो का परिचालन पूरे त्योहारी सीजन तक किया जाएगा। इस तरह यह ट्रेन करीब 10 दिनों तक चलेगी। प्रदूषण को नियंत्रित करने में दिल्ली मेट्रो का विशेष योगदान रहा है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो की गिनती दुनिया भर के स्वच्छ मेट्रो में होती है। मौजूदा समय में मेट्रो का नेटवर्क 213 किलोमीटर है और करीब 30 लाख यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। ऐसे में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए डीएमआरसी ने यह नायाब तरीका निकाला है। डीएमआरसी का कहना है कि इस मेट्रो ट्रेन के सभी छह कोचों को प्रकृति और त्योहारी सीजन की थीम पर सजाया गया है। इसका मकसद यात्रियों को स्वच्छता का महत्व बताना है। विशेषकर युवाओं और बच्चों को जागरूक करने के मकसद से इसे शुरू किया गया है। दीपावली में युवा और बच्चे ही ज्यादा पटाखे जलाते हैं। पटाखे वातावरण को प्रदूषित करते हैं। जिससे स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है। इसलिए मेट्रो ट्रेन पर लिखे नारे के जरिये पटाखे नहीं जलाने और उससे दूर रहने का संदेश दिया गया है। पिछले दिनों दिल्ली मेट्रो ने नारा लिखो प्रतियोगिता शुरू किया था। इस प्रतियोगिता के विजेताओं के नारे भी लिखे गए हैं।