दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोपियों को पुलिस ने अब तक नहीं किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : ग्रीनपार्क की रहने वाली महिला से दुष्कर्म की कोशिश व लूटपाट करने क
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
ग्रीनपार्क की रहने वाली महिला से दुष्कर्म की कोशिश व लूटपाट करने के आरोपी दो सगे भाइयों को पुलिस अबतक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बीते19 सितंबर को वसंत कुंज दक्षिणी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। महिला का आरोप है कि घटना के बाद से वह कई बार थाने का चक्कर लगा चुकी है, लेकिन पुलिस न तो आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है और न ही लूटे गए जेवरात बरामद कर रही है।
43 वर्षीय महिला ग्रीनपार्क में परिवार के साथ रहती है। उसके पति की त्रियंबकम लॉजिस्टिक नाम से कंपनी है। कंपनी में आरोपी परवेश जैन की भी पार्टनरशिप है। 19 सितंबर को घर पर बेटे की तबीयत खराब होने पर महिला ने जब पति को फोन किया तो नंबर स्वीच ऑफ बता रहा था। जिससे वह घबरा गई। उसने ग्रीनपार्क में रहने वाले अपने भाई को बुला लिया और दोनों शाम पांच बजे कंपनी के ऑफिस पहुंच गए। वहां महिला ने जब परवेश जैन से अपने पति के बारे में पूछा तो वह गुस्सा हो गया। दोनों के बीच बहस होने लगी। महिला का आरोप है कि बात आगे बढ़ने पर परवेश जैन ने अपने भाई को बुलाकर केबिन में उसकी बुरी तरह से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए। दोनों भाइयों ने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसके जेवरात भी लूट लिए। किसी तरह दोनों के चंगुल से छूटकर वह केबिन से बाहर निकली और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मेडिकल करवाने के बाद केस तो दर्ज कर लिया, लेकिन अबतक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।