जमीनी हकीकत जानने में जुटी भाजपा
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली दिल्ली में संगठन को धार देने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व एक बार फ
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली
दिल्ली में संगठन को धार देने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली में यह जिम्मेदारी राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय को दी गई है। पार्टी की जमीनी हकीकत जानने के लिए वह प्रदेश के नेताओं, सांसदों और विधायकों के साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मिल रही हैं। नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के आधार पर अगली रणनीति तय की जाएगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद नगर निगमों में अपनी सत्ता बचाए रखना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती है। मई में हुए 13 वार्डो के उपचुनाव में भी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। भाजपा को तीन सीटें मिली थीं और उसके दो पूर्व विधायकों को हार का सामना करना पड़ा था। इससे पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ गई है। सबसे ज्यादा चिंता की बात कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता है। पार्टी की ओर से होने वाले कार्यक्रमों को लेकर उनमें उत्साह नहीं दिख रहा है। यही कारण है कि अधिकांश कार्यक्रम सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह जा रहे हैं। इस स्थिति को दूर करने के लिए नेताओं को बूथ स्तर पर मेहनत करने की हिदायत दी जा रही है। हाल ही में केंद्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने भी दिल्ली में पार्टी को मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं को कमजोर बूथ को गोद लेने की सलाह दी थी, लेकिन इस दिशा में विशेष प्रगति नहीं दिख रही है। युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान जरूर चलाया जा रहा है, लेकिन लोगों के बीच भाजपा नेताओं की सक्रियता अभी भी नहीं बढ़ी है।
राष्ट्रीय महामंत्री का नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थिति का आकलन किए जाने से कार्यकर्ताओं में उम्मीद जगी है। सरोज पांडेय ने रविवार को उत्तर पश्चिम जिले के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के साथ ही कई गांवों का दौरा भी किया था, जिससे कि ग्रामीण इलाके के लोगों की पार्टी से अपेक्षाओं की जानकारी मिल सके। सोमवार को उन्होंने दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिल्ली के सासदों, विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशियों, प्रदेश पदाधिकारियों, भाजपा के विभिन्न मोर्चो के अध्यक्षों, प्रवक्ताओं एवं मीडिया टीम के साथ अलग-अलग बैठक की। इन बैठकों में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तय किए गए कार्यक्रमों की प्रगति के साथ ही राज्य व जिलों की ओर से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली।