Move to Jagran APP

उपराज्यपाल से मालीवाल को बर्खास्त करने की मांग

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : महिला सुरक्षा को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा आमने-सामने हैं। आप क

By Edited By: Published: Tue, 26 Jul 2016 10:58 PM (IST)Updated: Tue, 26 Jul 2016 10:58 PM (IST)
उपराज्यपाल से मालीवाल   को बर्खास्त करने की मांग

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : महिला सुरक्षा को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा आमने-सामने हैं। आप की महिला विधायकों ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया तो भाजपा ने पलटवार करते हुए आप नेताओं को महिला सुरक्षा के मुद्दे पर आत्मनिरीक्षण करने की सलाह दी है। भाजपा नेताओं ने उपराज्यपाल नजीब जंग को पत्र लिखकर दुष्कर्म पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को बर्खास्त करने की मांग की है। वहीं, बुधवार को दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम से मिलेंगे।

loksabha election banner

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि मंगलवार को जब आप की महिला विधायक गृहमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन कर रही थीं उसी दौरान उनकी पार्टी के नेता अमन कुमार के खिलाफ एक महिला के प्लॉट पर कब्जा करने और उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया। महिला ने बवाना थाने में मामला भी दर्ज कराया है। उन्होंने मालीवाल पर दिल्ली महिला आयोग को राजनीति का अखाड़ा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मालीवाल ने एक दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर कर दी है। इसलिए आप की महिला विधायकों, नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को बताना चाहिए कि महिलाओं को वास्तव में कौन सता रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि एक महिला कार्यकर्ता ने अपनी ही पार्टी के विधायक राजेश ऋषि के खिलाफ शिकायत की है, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने केजरीवाल से महिला प्रताड़ना के आरोपी विधायकों व नेताओं को पार्टी से निकालने की मांग की है।

उपाध्याय के साथ ही प्रदेश भाजपा की महामंत्री रेखा गुप्ता, उपाध्यक्ष शिखा राय, विशाखा शैलानी, किरण चड्ढा और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष कमलजीत सहरावत ने उपराज्यपाल को पत्र लिखकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को बर्खास्त करने की मांग की है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.