बरसे बदरा, गर्मी से मिली राहत
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उमस से परेशान दिल्लीवालों को बृहस्पतिवार को अचानक बादलों ने राहत प्रदान
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : उमस से परेशान दिल्लीवालों को बृहस्पतिवार को अचानक बादलों ने राहत प्रदान की। मध्य, पूर्वी व दक्षिणी दिल्ली में शाम सात बजे से शुरू हुई बारिश करीब 30 मिनट तक चली। सफदरजंग मौसम विज्ञान केंद्र पर 5.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से जहां दिन में उमस परेशान करेगी वहीं रात में तेज बारिश की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली में औसत अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस व 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिज क्षेत्र में और इसके बाद (40.4) पालम मौसम विज्ञान केंद्र पर दर्ज हुआ। अधिकतम आर्द्रता 78 फीसद और न्यूनतम आर्द्रता 45 फीसद रिकॉर्ड की गई। तापमान व आर्द्रता में हुए इसी इजाफे के चलते सुबह से ही दिल्लीवालों को गर्मी से जूझना पड़ा। हालांकि शाम को हुई बारिश ने कुछ राहत दी। स्काई मेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि दिल्ली में पूर्वी हवाओं के प्रभाव से आर्द्रता का स्तर अधिक दर्ज हो रहा है। बढ़ी आर्द्रता के प्रभाव से ही दिल्ली में मानसून से पहले की बारिश हो रही है। शुक्रवार और शनिवार को भी भारी बारिश की संभावना है। इससे तापमान पर कोई अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।