डॉक्टर्स डे पर फीस न लें डॉक्टर : आइएमए
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : डॉक्टरी पेशे की गिरती साख से चिंतित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने डॉक्
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : डॉक्टरी पेशे की गिरती साख से चिंतित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने डॉक्टरों को निर्देश जारी किया है कि वे शुक्रवार को डॉक्टर्स डे के दिन मरीजों से फीस न लें। कम से कम एक दिन डॉक्टर उन्हें निशुल्क परामर्श दें। इससे डॉक्टरों और मरीजों का आपसी रिश्ता मजबूत होगा।
डॉक्टरों का कहना है कि चिकित्सा का भी व्यवसायीकरण होता जा रहा है। इलाज में मेडिकल लापरवाही व नैतिकता का पालन नहीं होने की शिकायतें आम होती जा रही हैं। आइएमए के महासचिव डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा समय में डॉक्टर ऐसे दौर से गुजर रहे हैं, जब उनके प्रति हिंसा की घटनाएं बढ़ रही है। अक्सर अस्पतालों में मारपीट की घटनाएं सामने आती हैं। इसके चलते डॉक्टरों की आलोचना भी बढ़ रही है। डॉक्टरी एक नेक पेशा है। नकारात्मक दौर में इस नेक पेशे की पहचान और साख वापस पाने के लिए ऐसे कदम उठाने जरूरी हैं जिससे मरीजों का विश्वास बढ़े। उन्होंने कहा कि आइएमए के देश भर में करीब ढ़ाई लाख सदस्य हैं। उन सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के दिन मरीजों का मुफ्त इलाज करें। उम्मीद है कि वे इसका पालन जरूर करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कई डॉक्टर अब भी समय निकालकर मरीजों की मुफ्त इलाज करते हैं। डॉ. केके अग्रवाल भी हृदय की बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों की मदद करते हैं। उन्होंने करीब 75 बच्चों को आर्थिक मदद कर उनका इलाज कराया है।