रिलायंस के जीएम के बेटे की पीट-पीट कर हत्या
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : मयूर विहार फेज-तीन इलाके में नौवीं के छात्र की पीट-पीट कर हत्या कर
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : मयूर विहार फेज-तीन इलाके में नौवीं के छात्र की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रजत उन्नीकृष्णन (14) के रूप में हुई है। उसके पिता रिलायंस कंपनी में जीएम के पद पर कार्यरत हैं। रजत ट्यूशन पढ़कर अन्य छात्रों के साथ लौट रहा था। रास्ते में पान की दुकान चलाने वाले शख्स के दो नाबालिग बेटों ने इस वारदात को अंजाम दिया। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पान वाले के दोनों बेटों को हिरासत में ले लिया है। इधर, घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर स्थित पान की दुकान पर आग लगाकर खूब हंगामा किया। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने नहीं दिया गया। बाद में मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया। एहतियातन इलाके में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक रजत परिवार के साथ मयूर विहार फेज-3, पॉकेट-1, बी-40 एमआइजी फ्लैट में रहता था। उसके परिवार में पिता उन्नीकृष्णन मेनन के अलावा, मां और बड़ा भाई रंजीत हैं। रजत मयूर विहार स्थित सलवान पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। मां भी निजी कंपनी में नौकरी करती है। बुधवार शाम को रजत तीन दोस्तों के साथ ट्यूशन पढ़ने पॉकेट ए-2 में गया था। शाम 5 बजे यहां से लौटते हुए पॉकेट के बाहर पान की दुकान के पास पहुंचा ही था कि दुकानदार के बेटों से रजत की कुछ कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों ने रजत और उसके दोस्तों की पिटाई शुरू कर दी। यह देख रजत के तीनों दोस्त वहां से निकल गए। रजत को आरोपी पास के पार्क में ले गए। यहां उन्होंने उसकी जमकर पिटाई की। आरोपियों ने उसके संवेदनशील अंग पर भी लात मारे।
नर्सिग होम लेकर पहुंचे आरोपी
रजत के बेहोश होते ही आरोपी लड़के मोटरसाइकिल पर बिठाकर उसे पास के मलिक नर्सिग होम ले गए। यहां सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि दोनों आरोपी उसे लेकर 7.07 बजे पहुंचे। आरोपी उसे अंदर ले गए और एक मिनट के अंदर ही बाहर ले आए। फिर से उसे मोटरसाइकिल पर बिठाया और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंच गए। यहां उसे अकेला छोड़कर दोनों फरार हो गए। अस्पताल के रिकार्ड में वह मृत पहुंचा था। उसका नाम अज्ञात के रूप में दर्ज है। शाम 7.30 बजे रजत की मौत की खबर उसके परिवार को लगी।
टॉफी चुराने का आरोप
परिवार ने आरोप लगाया कि 15 दिन पहले भी रजत का आरोपी लड़कों से झगड़ा हुआ था। इसी वजह से उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि टॉफी चुराने का आरोप लगाकर उसे पीटा गया।
शरीर पर नहीं थे चोट के निशान
पुलिस को मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। माना जा रहा है कि संवेदनशील अंग पर हमले के कारण उसकी मौत हुई है। बहरहाल, कारणों को जानने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उपायुक्त ऋषिपाल ¨सह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल, झगड़े और मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है
घटना को लेकर लोगों में रोष, फूंकीं दुकानें
मयूर विहार फेज-तीन में हुई वारदात से लोगों के सब्र का बांध टूट गया। देर शाम स्थानीय लोगों ने एकत्रित होकर रेयान स्कूल के पास स्थित कुछ झुग्गीनुमा दुकानों में आग लगा दी। लोगों का आरोप है कि यहां पर खुलेआम नशेबाजी होती है। इस संबंध में पुलिस को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई की। यहां आती-जाती लड़कियों से छेड़खानी की भी कई शिकायतें मिली हैं। हंगामे की खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।