फर्जी दस्तावेज पर विदेश गए गुजरात के चार लोग वापस भेजे गए
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : फर्जी दस्तावेज पर अफ्रीकी देश मलावी गई गुजरात की दो महिलाओं सहित चार लो
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : फर्जी दस्तावेज पर अफ्रीकी देश मलावी गई गुजरात की दो महिलाओं सहित चार लोगों को वापस भारत भेज दिया गया। आरोपी यात्रियों की पहचान परगनाबेन, रासमिकाबेन, अनिल कुमार और अश्विन कुमार के रूप में हुई है। सभी फर्जी यात्रा दस्तावेज पर कनाडा जाने की जुगत में थे। आइजीआइ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक स्नेहा कपूर व अनिताबेन, अक्षय मुरारका और विकल्प रमेशचंद्र शाह नाम के पासपोर्ट धारी यात्रियों को इथोपियन एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या ईटी-686 से आइजीआइ एयरपोर्ट भेजा गया था। इमीग्रेशन अधिकारियों ने उनके दस्तावेजों की जांच की। पासपोर्ट पर लगे फोटो से उनका मिलान नहीं हुआ। कनाडा का वीजा भी फर्जी था। स्नेहा का असली नाम परगनाबेन है और वह गुजरात के कलोल की रहने वाली हैं। अनिताबेन का असली नाम रासमिकाबेन है। वह मेहसाना की रहने वाली हैं। अक्षय मुरारका का असली नाम अनिल कुमार (गांधी नगर) है। मेहसाना निवासी अश्विन कुमार के पास से विकल्प नाम के शख्स का पासपोर्ट बरामद हुआ। वे मुंबई से 8 जून को मलावी गए थे। मलावी में उनका संपर्क एजेंट पूर्वीस भाई से हुआ था। उसने ही फर्जी पासपोर्ट और कनाडियन वीजा उपलब्ध कराया था। पूर्वीस को उन्होंने मोटी रकम दी थी। एजेंट ने उनका असली पासपोर्ट अपने पास रख लिया। इमीग्रेशन ने जब इन यात्रियों के मुंबई से मलावी जाने की जानकारी जुटाई तो उनके जाने का कोई रिकार्ड अधिकारियों को नहीं मिला।