773 कॉलोनियों में 2017 तक बेहतर होंगी सड़कें व नालियां : केजरीवाल
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : बादली विधानसभा क्षेत्र में स्वरूप नगर के जे एंड के ब्लॉक में 22 करोड़
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : बादली विधानसभा क्षेत्र में स्वरूप नगर के जे एंड के ब्लॉक में 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यो का मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को आजाद हुए 69 साल हो गए हैं। इसके बावजूद देश की राजधानी के कई इलाकों में सड़क, नाली और पीने के पानी की व्यवस्था तक नहीं है। हमें शर्म आती है, दिल्ली में दो प्रकार के लोग रहते हैं। एक इंडिया गेट के पास, जहां सभी सुविधाएं हैं, दूसरे आप जैसी कॉलोनी में रहने वाले लोग, जिनके पास सड़क, नाली तो दूर पीने का पानी तक नहीं है। हमारी सरकार को एक साल भी पूरा नहीं हुआ। हमने दिल्ली की ऐसी 1639 कॉलोनियों में से 773 कॉलोनियों का चयन किया है, जहां दिसंबर 2017 तक पानी की पाइप लाइन, सड़क और नालियां बना दी जाएंगी।
केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस पार्टी के नेता विकास कार्य कराने नहीं नारियल फोड़ने आते थे। उनके पास विकास कार्य करने के लिए पैसा नहीं होता था। हमारी सरकार के पास पैसा है, क्योंकि दिल्ली में ईमानदार सरकार है। यहां पर 22 करोड़ की सड़के बन रही हैं। इन्हीं सड़कों को पुरानी सरकारें 100 करोड़ रुपये में बनातीं। हम पैसा बचा रहे हैं। और उसको जनता की सुविधाओं और विकास कार्य में लगा रहे हैं। कार्यक्रम में दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री सतेंद्र जैन, बादली विधायक अजेश यादव सहित दिल्ली राज्य औद्योगिक ढांचागत विकास निगम (डीएसआइआइडीसी) के अधिकारी उपस्थित थे।
22 करोड़ के होंगे विकास कार्य
स्वरूप नगर की जे एंड के ब्लॉक की कॉलोनी लगभग 85 एकड़ में फैली है। यहां पर 14 किलोमीटर सड़क, 28 किलोमीटर नाली का निर्माण कार्य 22 करोड़ रुपये की राशि से डीएसआइआइडीसी द्वारा किया जा रहा है। इस काम को पूरा करने की समय सीमा 6 महीने रखी गई है।