अफ्रीकी नागरिकों में भरोसा बहाल करने में जुटी सरकार
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : अफ्रीकी नागरिकों पर हमले की ताजा घटनाओं को लेकर मोदी सरकार संजीदा हो गई है
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली : अफ्रीकी नागरिकों पर हमले की ताजा घटनाओं को लेकर मोदी सरकार संजीदा हो गई है। अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई को लेकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने रविवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की। इसके बाद राजनाथ ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को तलब कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया। विदेश राज्य मंत्री वीके सिंह ने सामान्य झड़पों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने के लिए मीडिया को आड़े हाथों लिया।
हमलों के खिलाफ अफ्रीकी देशों में बढ़ रही नाराजगी को देखते हुए सुषमा ने राजनाथ से उन इलाकों में विशेष अभियान चलाने को कहा, जहां अफ्रीकी नागरिक रहते हैं। उन्होंने अपने जूनियर मंत्री वीके सिंह और मंत्रालय में सचिव अमर सिन्हा को धरना-प्रदर्शन पर उतारू अफ्रीकी छात्रों से मिलने के लिए भी कहा। सुषमा ने इस मुद्दे पर दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग से भी बात की।
सुषमा की कोशिशों का असर भी हुआ। राजनाथ सिंह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त आलोक वर्मा को अपने आवास पर तलब कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने दिल्ली पुलिस को अफ्रीकी नागरिकों की बसावट वाले इलाकों में तत्काल गश्त बढ़ाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
--------------
इनसेट
--------------
कांगो के युवक का शव भेजने की व्यवस्था कर रही सरकार
भारत सरकार पिछले दिनों हमले में मारे हए कांगो के युवक के शव को उनके परिवार को सौंपने की व्यवस्था कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा कि सरकार मासुंदा ओलिवर के परिवार को भारत आने और उसके शव को ले जाने में मदद करेगी। उन्होंने साफ किया कि भारत सरकार अपने खर्च पर ओलिवर का पार्थिव शरीर कागो ले जाने का इंतजाम करेगी। गौरतलब है कि अफ्रीकी देशों के राजदूतों ने ओलिवर की हत्या पर गुरुवार को आक्रोश जताया था। इसके बाद भारत ने अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा का भरोसा दिया था। सरकार का कहना था कि ताजा घटनाएं स्थानीय स्तर की हैं। संगठित तरीके से हमलों जैसी कोई बात नहीं है।