गलत सूचना के कारण छूटी यात्रियों की फ्लाइट
जासं, नई दिल्ली : गलत सूचना के कारण आइजीआइ एयरपोर्ट से शनिवार को कुछ यात्री इंडिगो की फ्लाइट नहीं पक
जासं, नई दिल्ली : गलत सूचना के कारण आइजीआइ एयरपोर्ट से शनिवार को कुछ यात्री इंडिगो की फ्लाइट नहीं पकड़ पाए। इससे करीब एक दर्जन यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों का आरोप है कि उनकी फ्लाइट को रिशेड्यूल किया गया था, लेकिन तय समय पर जब वह बोर्डिग के लिए पहुंचे तो पता चला कि फ्लाइट जा चुकी है। कई यात्रियों को महत्वपूर्ण कार्य से गंतव्य के लिए जाना था। यात्रियों के मुताबिक फ्लाइट छूटने पर एयरलाइंस ने उनके ठहरने व भोजन का इंतजाम भी नहीं किया।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली से इंदौर जाने वाली 6ई-436 नंबर की इंडिगो की फ्लाइट को शनिवार शाम 4.50 बजे डोमेस्टिक एयरपोर्ट से उड़ान भरना था। यात्री तय समय से एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी बीच यात्रियों के मोबाइल पर एयरलाइंस द्वारा मैसेज भेजकर सूचना दी गई कि उनकी फ्लाइट को रिशेड्यूल कर दिया गया है। अब वह शाम 6.30 बजे उड़ेगी। लिहाजा यात्री फ्लाइट के तय समय का इंतजार करने लगे। बाद में जब वह बोर्डिग के लिए पहुंचे तो पता चला कि फ्लाइट जा चुकी है। इसके बाद यात्रियों ने जब एयरलाइंस कर्मियों से संपर्क किया तो वह कोई जवाब नहीं दे पाए। इस संबंध में एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस फ्लाइट को 4.50 की जगह 5.25 बजे के लिए रिशेड्यूल की सूचना मिली थी। इसकी जानकारी लगातार एयरपोर्ट पर डिस्पले बोर्ड पर भी दी जा रही थी। यात्रियों के पास उड़ान संबंधी गलत मैसेज भेजे जाने की जानकारी उन्हें नहीं है। एयरलाइंस अधिकारियों से इस संबंध में बात नहीं हो सकी है।