डीसीपी ने पीछा कर लुटेरों को पकड़ा
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी प्रेमनाथ बृहस्पतिवार को कार सवार हथियारबं
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी प्रेमनाथ बृहस्पतिवार को कार सवार हथियारबंद चार लुटेरों को पीछा कर दबोच लिया। उनके साथ चालक और एक पुलिसकर्मी भी था। चारों लुटेरों ने भागने का भी प्रयास किया, लेकिन समय पर पुलिस टीम के पहुंच जाने के कारण उनका यह प्रयास सफल नहीं हो सका। गिरफ्तार लुटेरों में एक संगम विहार निवासी नवीन है, जो गिरोह का सरगना और हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने जांच का हवाला देते हुए अन्य तीनों का नाम बताने से मना कर दिया है।
बृहस्पतिवार को डीसीपी प्रेमनाथ सरकारी गाड़ी से हौजखास स्थित कार्यालय से डिफेंस कॉलोनी की ओर जा रहे थे। तभी उनकी नजर तेज रफ्तार से बाइक से आ रहे तीन युवकों पर पड़ी। युवक नशे में थे। उन्होंने युवकों को रोक कर स्थानीय थाने के हवाले कर दिया। इसके बाद उन्होंने सेंट्रो कार से चार लोगों को गुजरते देखा। उसमें बैठे लोगों के हाथ में शराब और पिस्टल थी। उन्होंने कार को रुकने का इशारा किया। इस पर कार चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और लाजपत नगर की ओर भागने लगा। डीसीपी ने तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी और कार का पीछा किया। करीब दस मिनट तक पीछा करने के बाद लाजपत नगर फ्लाईओवर के पास जब डीसीपी की गाड़ी सेंट्रो कार के पास पहुंची तो कार चालक ने कार को सर्विस लेन में घुमा दिया। डीसीपी के चालक ने कार को ओवरटेक कर उसे रुकवाया। कार के रुकते ही बदमाश भागने का प्रयास करने लगे। उन्हें रोकने आए डीसीपी, उनके चालक और पुलिस कर्मी से वे लोग भिड़ गए। तभी दक्षिण पूर्वी दिल्ली की पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।