मार्केट में दुकानें 200, चार लोग ही दे रहे टैक्स
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में ल
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने अधिक से अधिक संपत्तियों को कर के दायरे में लाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को चन्दन होला, फतेहपुर बेरी व असोला के मार्बल मार्केट में व्यावसायिक संपत्तियों के स्वामियों को नोटिस जारी किया। इस मार्केट में लगभग 200 दुकानें हैं, जिनमें से केवल 4 से ही सम्पत्ति कर मिल रहा है। विभाग ने इन संपत्तियों की पैमाइश की तथा 180 दोषियों को तत्काल नोटिस जारी किया। उन्होंने कहा कर जमा नहीं किया गया तो दोषियों पर 30 प्रतिशत की दर से अधिभार भी लगाया जाएगा। इसके साथ ही उपयुक्त मामलों में अभियोजन भी लगाया जाएगा।
गौरतलब है कि सर्वे में करीब 1 लाख 50 हजार ऐसी संपत्तियों की पहचान की गई थी। आंकलन करने पर पाया गया कि इन दुकानदारों द्वारा कर न अदा करने से विभाग को प्रतिवर्ष दो करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है, जोकि 10 वर्ष के लिए 20 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2015-16 की पिछली दो तिमाहियों में विभाग ने पिछले वर्ष उस समय के मुकाबले कर संग्रहण में 20 फीसद की वृद्धि दर्ज की है। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के कर निर्धारक एवं समाहर्ता राम मोहन सिंह ने बताया कि निगम ने अपने अधीनस्थ आने वाली सभी व्यावसायिक संपत्तियों के सर्वेक्षण का कार्य किया था, जिसके अंतर्गत 40 हजार से अधिक व्यावसायिक संपत्तियों को नोटिस जारी किया गया था। शेष लगभग 1 लाख 10 हजार लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। निगम ने सही आकलन न कर तथा गलत संपत्ति कर जमा करने वाले संपत्ति धारकों एवं स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसी के तहत शुक्रवार को विभाग ने इन क्षेत्रों में विस्तृत अभियान चलाया, जिसमें विभिन्न संपत्ति धारकों की संपत्तियों की पैमाइश की गई और टैक्स का आंकलन किया गया, फिर कर अदायगी के लिए नोटिस दिया गया।