विधायकों के दिल का खास ख्याल रखेगी AAP सरकार, सदन में मौजूद रहेंगे डाक्टर
दिल्ली की केजरीवाल सरकार विधायकों के दिल (हृदय) का खास रखेगी। दिल्ली विधानसभा में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि सदन की कार्यवाही के दौरान दिल की बीमारी के डॉक्टर भी विधानसभा में मौजूद रहेंगे।
नई दिल्ली [वीके शुक्ला] । दिल्ली की केजरीवाल सरकार विधायकों के दिल (हृदय) का खास रखेगी। दिल्ली विधानसभा में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि सदन की कार्यवाही के दौरान दिल की बीमारी के डॉक्टर भी विधानसभा में मौजूद रहेंगे।
विधानसभा परिसर में स्थायी रूप से स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा जहां पर हृदय रोग सहित प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होगी। साथ ही सभी प्रकार की दवाएं भी उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य केंद्र में दो बेड की सुविधा होगी तथा एक एंबुलेंस भी इसे उपलब्ध कराई जाएगी।
सदन की कार्यवाही के दौरान इस स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं का और अधिक विस्तार किया जाएगा। यह व्यवस्था दिल्ली सरकार की उस योजना के तहत होगी जिसके तहत दिल्ली विधानसभा का कायाकल्प किया जाना है। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल का कहना है कि दिल्ली विधानसभा में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
दिल्ली विधानसभा को और आधुनिक बनाया जाएगा। सभी कुछ ऑनलाइन होगा। यानी विधानसभा को पूरी तरह पेपरलेस किया जाएगा। यहां तक कि सदन की कार्यवाही के दौरान विधायकों को पेपर पर छपा हुआ एजेंडा भी नहीं बांटा जाएगा। विधानसभा में विधायकों के लिए उनकी सीट पर लैपटाप उपलब्ध होंगे।
लैपटाप पर एजेंडे से लेकर अन्य सभी प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। विधायकों को इस संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त व 26 जनवरी को आम जनता के लिए खुलेगी।
इस दिन लोग परिवार सहित आकर दिल्ली विधानसभा को बगैर किसी स्वीकृति के देख सकेंगे। दिल्ली विधानसभा की स्थापना से लेकर अब तक के पूरे इतिहास पर लाइट एंड साउंड शो तैयार किया जाएगा। इसमें पूरा जिक्र होगा कि दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री कौन थे और उन्हें किन परिस्थितियों में इस्तीफा देना पड़ा। बाद में दिल्ली की सत्ता किस तरह चली। इसे 15 अगस्त व 26 जनवरी को जनता को दिखाया जाएगा।