उत्तम नगर के फुटपाथ पर फिर हुआ कब्जा
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : दैनिक जागरण में फुटपाथ पर चल रहे महा अभियान के बाद नगर निगम सक्
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : दैनिक जागरण में फुटपाथ पर चल रहे महा अभियान के बाद नगर निगम सक्रिय हुआ था और उत्तम नगर में फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण को हटाया था। उस समय सभी लोगों को सहूलियत हुई थी। सड़को से लेकर फुटपाथ तक साफ था, लेकिन निगम की ओर से इसकी निगरानी नहीं करने के कारण हालात पहले जैसे हो चुके हैं। पहले तो रेहड़ी व पटरी वाले ही फुटपाथ पर अड्डा जमाए रहते थे, लेकिन अब डीटीसी बसें भी सड़क के किनारे खड़ी की जाने लगी हैं। इससे लोगों का पैदल चलना दूभर हो गया है। वहीं, यहां पर बस टर्मिनल होने के कारण अक्सर जाम की समस्या से भी लोगों को सामना करना पड़ता है।
उत्तम नगर के फुटपाथ पर फल, सब्जी के रेहड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। जबकि इस स्थान पर मेट्रो स्टेशन व बस टर्मिनल है। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। फुटपाथ पर फैले अतिक्रमण के चलते लोगों को सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
------------
नगर निगम ने यहां पर कुछ दिनों पहले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही सब कुछ ज्यों का त्यों हो गया है। फिर से लोग सड़क पर पैदल चलने को विवश हैं। यह सब निगम की लापरवाही के कारण हुआ है। निगम सिर्फ खानापूर्ति करने में लगा है।
-राजीव कुमार।
रेहड़ी व ठेला वाले तो पहले से ही कब्जा जमाए हुए थे। अब डीटीसी की बसें भी सड़कों पर खड़ी रहती है। इससे पैदल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, ये बसें कई घंटे तक खड़ी रहती है। नगर निगम को इसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
-रीना देवी।
कुछ दिनों पहले यहां से अतिक्रमण हटाया गया था। फिर से अतिक्रमण की शिकायत मिली है। इसे जल्द ही खाली करा लिया जाएगा।
-मुकेश यादव, जन संपर्क अधिकारी, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम।