जब तुम्हारा पति मर जाए तो मेरे पास आना
31 ईएनडी : 202 और 203 - पति के खुदकशी की धमकी देने के बाद पत्नी ने थाने आकर लगाई गुहार - एएसआइ
31 ईएनडी : 202 और 203
- पति के खुदकशी की धमकी देने के बाद पत्नी ने थाने आकर लगाई गुहार
- एएसआइ के रवैये से निराश महिला ने घर पर पति को फांसी पर लटका पाया
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : एक बार फिर दिल्ली पुलिस का संवेदनहीन चेहरा सामने आया है। नंदनगरी इलाके में पत्नी से झगड़े के बाद एक व्यक्ति ने आत्महत्या की धमकी दी। इस पर महिला ने थाने जाकर पुलिस से उसके पति को बचाने की गुहार लगाई। थाने में मौजूद एएसआइ ने उसकी मदद करने के बजाय कहा, 'जब मर जाए तब आना।' निराश महिला घर पहुंची तो पति खुदकशी कर चुका था। मामला सामने आने के बाद आरोपी एएसआइ नरेंद्र कुमार को निलंबित कर जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक विनोद (30) परिवार के साथ ए-2/238, नंदनगरी में रहता था। परिवार में पिता सुरेश, मां शीला देवी, पत्नी लक्ष्मी (25), दो वर्षीय बेटा, तीन भाई संजय, विजय और अनिल रहते हैं। विनोद घर के पास ही अंडे की रेहड़ी लगाता था। बृहस्पतिवार शाम को रेहड़ी पर कुछ लोगों से उसका झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह करीब 7:20 बजे नशे में घर पहुंचा और सबसे ऊपरी मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया। यहां उसने लक्ष्मी के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान उसने खुदकशी करने की धमकी दी। इस पर लक्ष्मी नंदनगरी थाने पहुंच गई।
वह मिन्नतें करती रहीं लेकिन नहीं पिघला एएसआइ
पीड़ित परिवार के मुताबिक, थाने में मौजूद एएसआइ नरेंद्र को उसने पूरी बात बताई और पति को ऐसा कदम उठाने से रोकने की फरियाद की। इस पर एएसआइ ने उसकी मदद नहीं की। महिला आधे घंटे तक थाने में मिन्नतें करती रही, लेकिन एएसआइ ने ध्यान नहीं दिया। लक्ष्मी घर लौटी तो विनोद को रस्सी के सहारे फांसी पर लटका पाया। परिजन विनोद को जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना नंदनगरी थाने को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर एएसआइ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआइ को निलंबित कर जांच बैठा दी है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर पुलिस पहुंच जाती तो विनोद को खुदकशी से रोका जा सकता था।
--------------
विनोद के परिजनों की शिकायत पर एएसआइ नरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- नरेंद्र मिन्हास, सहायक पुलिस आयुक्त