अपने दलित विधायकों पर मेहरबान हुई आप सरकार
आशुतोष झा, नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार अपने दलित विधायकों पर मेहरबान है। अनुसूचित जातिय
आशुतोष झा, नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार अपने दलित विधायकों पर मेहरबान है। अनुसूचित जातियों के लिए सुरक्षित राजधानी की एक दर्जन सीटों पर विजय दर्ज करने वाले सभी विधायकों को शासन में अहम जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। अपने नौ दलित विधायकों को पहले ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप चुकेमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले यमुनापार विकास बोर्ड तथा खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर तीन अनुसूचित जाति के विधायकों को बैठाया है।
पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुर विधानसभा से विधायक चौधरी फतेह सिंह को यमुनापार विकास बोर्ड का अध्यक्ष तो सीमापुरी से विधायक राजेंद्र पाल गौतम को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, विकासपुरी से विधायक महेंद्र यादव को खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का अध्यक्ष तथा बवाना से विधायक वेद प्रकाश को उपाध्यक्ष बनाया गया है। 70 में से 67 सीटों पर जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने गत विधानसभा चुनाव में दिल्ली की सभी 12 सुरक्षित सीटों पर जीत का परचम लहराया था। इसी का नतीजा था कि अरविंद केजरीवाल ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तो सुल्तानपुर माजरा से दलित विधायक संदीप कुमार को मंत्री बनाया और उन्हें समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण विभाग समेत अन्य जिम्मेदारियां सौंपी थी। इसके बाद धीरे-धीरे पार्टी के अन्य दलित विधायकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई।
एक करोड़ से अधिक मतदाताओं वाले इस शहर में करीब 17 फीसद मतदाता दलित तबके से आते हैं। जबकि दूसरे नंबर पर मुस्लिम समुदाय के लोग हैं। जिनकी मतों में हिस्सेदारी करीब 12 फीसद है। तीसरे नंबर पर पंजाबी समुदाय के लोग हैं। इनका मत फीसद 10 से कुछ अधिक है। सियासत के जानकारों की मानें तो शहर की 48 विधानसभा सीटों पर 20 से 60 फीसद दलित व मुस्लिम मतदाता हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने दलित विधायकों पर जो मेहरबानी दिखाई है वह इसी का परिणाम है। जातिगत सियासी गणित के हिसाब से दिल्ली में 10.39 फीसद मतदाता पंजाबी समुदाय के तथा 8.56 फीसद मतदाता वैश्य समुदाय के हैं। इनके अलावा सिख, जाट व गुर्जर समुदाय के नेताओं का मत प्रतिशत क्रमश: 3.56, 4.87 तथा 3.7 प्रतिशत है।
आप के दलित विधायकों को मिली जिम्मेदारी
1. संदीप कुमार (सुल्तानपुर माजरा) को मंत्री बनाया गया है
2. राखी बिड़ला (मंगोलपुरी) को विधानसभा की महिला एवं बाल कल्याण समिति का चेयरपर्सन बनाया गया है
3. गिरीश सोनी (मादीपुर) को पब्लिक एकाउंट कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है
4. चौधरी फतेह सिंह (गोकुलपुर) को यमुनापार विकास बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है
5. राजेंद्र पाल गौतम (सीमापुरी) को यमुनापार विकास बोर्ड का वाइस चेयरमैन बनाया गया है
6. वेद प्रकाश (बवाना) को खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का वाइस चेयरमैन बनाया गया है
7. मनोज कुमार (कोंडली) को संसदीय सचिव बनाया गया है
8. विशेष रवि (करोलबाग) को डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट काउंसिल का प्रमुख बनाया गया है
9. हजारी लाल चौहान (पटेल नगर) को विधानसभा की एससी व एसटी समिति का चेयरमैन बनाया गया है
10. राजू धींगान (त्रिलोकपुरी) को डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट काउंसिल का प्रमुख बनाया गया है
11. प्रकाश जारवाल (देवली) को दिल्ली जलबोर्ड का सदस्य बनाया गया है
12. अजय दत्त (अंबेडकर नगर) को पार्टी का राष्ट्रीय सह प्रभारी बनाया गया है