यमुनापार के लोगों पर अब पड़ेगी गृहकर की मार
जासं, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम में अब गृहकर की दर बढ़ाई जाएगी। निगम की स्थायी समिति ने
जासं, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम में अब गृहकर की दर बढ़ाई जाएगी। निगम की स्थायी समिति ने तृतीय मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट को मंजूर किया है। हालांकि इस प्रस्ताव का पक्ष-विपक्ष दोनों ने ही विरोध किया, लेकिन फंड की कमी से जूझ रहे निगम के ऊपर जहां दिल्ली सरकार का दबाव था, वहीं दिल्ली नगर निगम के अधिनियम के तहत भी इसे करना जरूरी हो गया है। तृतीय मूल्यांकन समिति की रिपोर्ट चार वर्ष पहले पेश की गई थी, लेकिन निगम की ओर से प्रस्ताव को वापस किया जा रहा था। अब सदन से पास होने के बाद नई दरें लागू हो जाएंगी। इसके पास होने के बाद कई कॉलोनियों की श्रेणी उच्च हो जाएगी। इससे उन्हें ज्यादा टैक्स देना होगा। इसके अलावा पंच सितारा, चार सितारा व तीन सितारा होटलों और मॉल को भी पहले के मुकाबले अधिक टैक्स देना पड़ेगा। मॉल व बडे़ होटलों की श्रेणी कॉलोनियों के हिसाब से थी, लेकिन अब इन्हें ए श्रेणी में शामिल किया जाएगा।
निगम आयुक्त अमित यादव ने समिति को बताया कि दिल्ली नगर निगम अधिनियम के तहत इसे पास करना जरूरी है। इसके अलावा प्रदेश सरकार से भी इस रिपोर्ट को पास करने का दबाव है क्योंकि सरकार से फंड की मांग के दौरान यह शर्त लगा दी गई है कि पहले निगम अपने संसाधनों से अधिक राजस्व जुटाए। जिसकी वजह से इस रिपोर्ट को पास कर दिया गया। अब इस रिपोर्ट को निगम के सदन में पास कर नई दरें लागू कर दी जाएंगी। इस रिपोर्ट के लागू होने के बाद सभी श्रेणियों में हाउस टैक्स की दर 10 से 15 प्रतिशत बढ़ जाएंगी। निगम ने हाउस टैक्स वसूलने के लिए कॉलोनियों को आठ श्रेणियों में बांटा हुआ है। पूर्वी निगम में ए, बी, व सी श्रेणी में कोई कॉलोनी नहीं है। कॉलोनियों के निम्न श्रेणी में होने की वजह से यहां हाउस टैक्स दर काफी कम है। लेकिन अब यहां की कॉलोनियां उच्च श्रेणी में भी शामिल हो जाएंगी। इससे यहां हाउस टैक्स की दर बढ़ जाएगी।