सफाई कर्मचारियों का आक्रोश लाया रंग, मिला फरवरी का वेतन
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने सभी सफाईकर्मियों के फरवरी के वेतन को जा
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने सभी सफाईकर्मियों के फरवरी के वेतन को जारी कर दिया है। इसके साथ ही निगम आयुक्त अमित यादव ने सफाई कर्मचारियों से अपील की है कि वे काम पर लौट आएं और अपने उत्तरदायित्व का निवर्हन करें,जिससे सफाई व्यवस्था सुचारु रहे। उनके कार्य पर न आने के कारण नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करने के साथ ही अव्यवस्था को भी झेलना पड़ा।
निगम आयुक्त का कहना है कि पूर्वी निगम की वित्तीय स्थिति काफी खराब है। फिर भी सबसे पहले सफाई कर्मचारियों के लिए फंड की व्यवस्था की गई और शनिवार को सभी कर्मचारियों के वेतन को जारी कर दिया गया, जो ईसीएस से कर्मचारियों के खाते में पहुंच जाएगा। निगम का कहना है कि कर्मचारियों से चर्चा करने के लिए निगम अधिकारी हर समय उपलब्ध हैं, लेकिन नित्य अपना कार्य न करना तथा सरकारी कार्य में बाधा डालना और दूसरों को कार्य न करने देना कानूनी जुर्म है। इसके लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। निगम का कहना है कि वेतन मिलने के बाद कोई शिकायत का कारण भी नहीं रह जाता है। उन्हें यह भी सलाह दी जाती है कि यदि उनका कोई और विषय है तो उसके लिए कानूनी प्रक्रिया का अनुपालन करते हुए अपनी मांग करें। निगम आयुक्त ने यह आशा व्यक्त की है कि वेतन मिलने के बाद कर्मचारी शहर में इधर-उधर कूड़ा फैलाकर अथवा यातायात बाधित कर दूसरों को भी कार्य करने से नहीं रोकेंगे। नगर निगम द्वारा टोल टैक्स, स्टैंप ड्यूटी, संपत्ति कर, कन्वर्जन शुल्क से फंड की व्यवस्था की है। कुछ सहायता दिल्ली सरकार से भी मिली है। सफाई कर्मचारियों के वेतन के लिए 54 करोड़ रुपये की जरूरत होती है। निगम सूत्रों का कहना है कि 20 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार से निगम को मिले हैं।