आप की लड़ाई का विकास पर पड़ेगा असर : भाजपा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : भाजपा का कहना है कि आम आदमी पार्टी में जिस तरह से लड़ाई चल रही है उससे द
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : भाजपा का कहना है कि आम आदमी पार्टी में जिस तरह से लड़ाई चल रही है उससे दिल्ली की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है, क्योंकि इसका असर दिल्ली के विकास पर पड़ेगा। पार्टी दिल्ली के लोगों से जो वादे कर सता में पहुंची है उसे पूरा करने के बजाय के उसके नेताओं में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
भाजपा का कहना है कि प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) से निकाले जाने से पार्टी की कार्य संस्कृति भी सामने आ गई है। आप में आंतरिक लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है और अरविंद केजरीवाल से असहमति रखने वालों को इसी तरह से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जिन्होंने पार्टी को खड़ा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था उनको एक झटके में पीएसी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इससे पता चलता है कि वहां अपनी बात कहने की कितनी बड़ी सजा मिलती है। दिल्ली के लोगों को अब अहसास हो रहा है कि उन्होंने झूठे वादे के भ्रम में आकर कितनी बड़ी गलती कर दी है।
भाजपा विधायक दल के नेता विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि आज की घटना से आम आदमी पार्टी दो फाड़ हो गई है। दो मुख्य संस्थापक सदस्यों को दरकिनार कर दिया गया है। इससे अब यह पार्टी संकुचित मानसिकता वाले लोगों की रह गई है। अनुभवहीन लोगों को राष्ट्रीय नेता के तौर पर पेश किया जा रहा है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी इस लड़ाई में शामिल हैं। वह यहां रहते हुए भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नहीं गए। वह नेताओं की नाराजगी का सामना नहीं कर सकते हैं। इसलिए इलाज के बहाने दस दिनों के लिए दिल्ली से बाहर जा रहे हैं। इससे पता चलता है कि पार्टी में कितनी लड़ाई है। आप नेताओं की इस लड़ाई का असर दिल्ली के विकास पर पड़ेगा।
राज्यसभा सदस्य व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल का भी कहना है कि आप दिल्ली के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के बजाय आपसी कलह में फंसी हुई है। इसके नेता दावा करते थे कि आप नई तरह की राजनीति करती है और यह भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन है, लेकिन आज पार्टी की पोल खुल गई है। आंतरिक लोकतंत्र की बात करने वालों को निकाल देने से विवाद सुलझने के बजाय बढ़ेगा और इसका सीधा असर दिल्ली के विकास पर पड़ेगा।