होली को लेकर आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : दिल्ली से अपने पैतृक स्थान जाने वाले यात्रियों की बुधवार को आनंद वि
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : दिल्ली से अपने पैतृक स्थान जाने वाले यात्रियों की बुधवार को आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर भीड़ उमड़ पड़ी। यहां से गुजर रही हर ट्रेन भरी हुई थी। डिब्बे के दरवाजे से घुसने में नाकाम रहने वाले यात्री आपातकालीन खिड़की से अंदर घुस रहे थे। ट्रेनों में जनरल और स्लीपर के डिब्बों में कोई अंतर नहीं था। लोग ट्रेन के शौचालय में बैठकर यात्रा करने पर मजबूर थे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देजनर आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शनिवार से प्लेटफार्म पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। जहां आमतौर पर 20 से 25 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे, वहीं अब 70 से 80 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें रेलवे स्काउट गाइड, आपदा प्रबंधन, रेलवे पुलिस बल, रेलवे पुलिस विशेष बल एवं बिहार पुलिस के जवान शामिल हैं। आनंद विहार बस अड्डे पर भी काफी भीड़ रही। कई यात्री छतों पर सफर करते पाए गए।
-------- कोट्स------
- होली का त्योहार है। ऐसे में घर जाना भी जरूरी है। ज्यादा दिन की छुट्टी नहीं मिल पाती है। ऐसे में हमें एक-दो दिन पूर्व ही गांव जाना पड़ता है।
- राहुल।
हम हर बार होली पर घर जाते हैं। इस बार एक दिन पहले ही घर जा रहे हैं, मगर इस बार भीड़ काफी है। इस कारण बहुत मुश्किल हो रही है।
- प्रदीप।
ट्रेन दो घंटे लेट है, मगर घर तो जाना ही है। हम हर बार होली पर घर जाते हैं। अपनों के लिए ही तो कमाते हैं। अगर उनसे त्योहार पर भी नहीं मिलेंगे तो और कब मिलेंगे।
- नवीन।
ट्रेनों में हर बार होली पर बहुत भीड़ होती है। इस बार भी लोग बाथरूम में सफर करने को मजबूर हैं। स्टेशन पर तो इंतजाम ठीक है, मगर ट्रेनों की संख्या और बढ़ाई जानी चाहिए।
- रणधीर।