होली मिलन के बहाने जोश करने की कवायद
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कार्यकर्ताओं में व्याप्त
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कार्यकर्ताओं में व्याप्त निराशा के माहौल को दूर करने के लिए भाजपा सभी वार्डो में होली मंगल मिलन समारोह का आयोजन कर रही है। इस कार्यक्रम के बहाने जहां कार्यकर्ता एक जगह पर एकत्रित होकर एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं, वहीं एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर निराशा के माहौल को भी दूर करते दिखाई दे रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार होली मिलन समारोह का आयोजन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के अलावा प्रमुख लोगों, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। ऐसे कार्यक्रमों में गीत-संगीत व हास्य, व्यंग्य व चुटकुलों के सहारे कार्यकर्ताओं में नए सिरे से जोश भरने की कोशिश हो रही है। इसी क्रम में बुराड़ी के झड़ौदा वार्ड के संतनगर अमन वाटिका में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उत्तर पूर्वी जिले के अध्यक्ष राजकुमार बल्लन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि होली मिलन कार्यक्रम का मकसद कार्यकर्ताओं में जोश भरना है। होली सौहार्द के बीच संपन्न हो, यह संदेश भी लोगों के बीच पहुंचाना है। कार्यक्रम के आयोजक पार्षद राजपाल राणा ने कहा कि इस कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं में नए उत्साह के साथ भाजपा व केंद्र सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। इस मौके पर कलाकारों ने गढ़वाली, भोजपुरी के अलावा गजलों को पेश कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया, वहीं मुकंदपुर वार्ड में भी होली मंगल मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसके अलावा रोहिणी में भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता की मौजूदगी में होली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को रंग व गुलाल लगाकर बधाई दी। इस मौके पर पार्षद शोभा विजेंद्र भी मौजूद रहीं। उन्होंने लोगों से होली के दौरान पर्यावरण की सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की।